Bihar Rain Alert: बिहार में मौसम आज फिर बिगड़ने वाला है, वो भी राज्य के लगभग हर जिलों में। भारतीय मौसम विभाग ने राज्य के सभी 38 जिलों में आज, 24 मई 2025 को बारिश की संभावना जताई है। मुजफ्फरपुर, समस्तीपुर, गया, दरभंगा, मधुबनी सहित 12 जिलों में भारी बारिश और आंधी-तूफान की आशंका को देखते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
वहीं, पटना समेत 26 अन्य जिलों में येलो अलर्ट जारी है, जहां हल्की से मध्यम बारिश और तेज हवाओं की संभावना है। इस मौसमी बदलाव से जनजीवन प्रभावित हो सकता है, और लोगों से सतर्क रहने की अपील की गई है। मौसम विभाग के अनुसार, मुजफ्फरपुर, समस्तीपुर, गया, दरभंगा, मधुबनी, सुपौल, अररिया, किशनगंज, सहरसा, मधेपुरा, पूर्णिया और कटिहार में भारी बारिश की संभावना है।
इन जिलों में कुछ स्थानों पर 50 मिमी तक बारिश हो सकती है, साथ ही 50-60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं और आकाशीय बिजली का खतरा भी है। बीते दिनों में सुपौल, अररिया और मधेपुरा में आंधी और बिजली गिरने से कई लोगों की जान गई थी, जिसके चलते मौसम विभाग ने लोगों से खुले मैदानों, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहने की सलाह दी है।
वहीं, पटना, भोजपुर, बक्सर, सारण, वैशाली, रोहतास सहित बिहार के 26 जिलों में हल्की से मध्यम बारिश और 40-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना है। इन इलाकों में बादल छाए रहेंगे, जिससे तापमान में 2-3 डिग्री सेल्सियस की कमी आ सकती है। बीते 24 घंटों में औरंगाबाद, बक्सर, नवादा, कैमूर, जहानाबाद और लखीसराय में अच्छी बारिश दर्ज की गई, जबकि बक्सर में जलजमाव की स्थिति बनी। रोहतास में 40 डिग्री सेल्सियस के साथ सबसे ज्यादा गर्मी दर्ज की गई।
मौसम विभाग ने लोगों से सावधानी बरतने और अनावश्यक बाहर जाने से बचने की सलाह दी है। मौसम विभाग के अनुसार, इस साल बिहार में जनवरी से अब तक 102.8 मिमी बारिश हुई है, जो सामान्य से 64% अधिक है। मई में ही 62 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई, जो सामान्य से अधिक है। इसके अलावा, राहत भरी खबर यह है कि मानसून इस बार चार दिन पहले, यानी 13-15 जून के बीच बिहार में दस्तक दे सकता है। यह पूर्णिया और किशनगंज के रास्ते राज्य में प्रवेश करेगा। इस बीच, किसानों को सलाह दी गई है कि वे फसलों को सुरक्षित रखें और खेतों में पानी देने का काम रोक दें।






