1st Bihar Published by: FIRST BIHAR Updated Apr 22, 2026, 11:20:41 AM
- फ़ोटो Google
Bihar Police News: बिहार पुलिस मुख्यालय ने वर्दी में सोशल मीडिया पर रील और वीडियो बनाने वाले पुलिसकर्मियों के खिलाफ कड़ा रुख अपनाते हुए 50 पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई के निर्देश जारी किए हैं। मुख्यालय के इस एक्शन के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है।
पुलिस मुख्यालय द्वारा जारी निर्देश में स्पष्ट किया गया है कि वर्दी में रील बनाना और उसे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर पोस्ट करना निर्धारित SOP (मानक संचालन प्रक्रिया) का उल्लंघन है। इस संबंध में सभी जिलों के पुलिस अधीक्षकों को कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
यह कार्रवाई बिहार पुलिस मुख्यालय के सहायक पुलिस महानिरीक्षक (कल्याण) द्वारा पत्रांक 42, दिनांक 20 अप्रैल 2026 के माध्यम से जारी सूची के आधार पर की गई है। सूची में संबंधित रील्स और वीडियो के लिंक भी संलग्न किए गए हैं।
जानकारी के अनुसार, सबसे अधिक मामले पटना जिले से सामने आए हैं, जहां 16 पुलिसकर्मियों को चिन्हित किया गया है। इसके अलावा दरभंगा, मधुबनी, नालंदा, गया, सीतामढ़ी, सहरसा, जमुई, मुंगेर और किशनगंज सहित कई जिलों के पुलिसकर्मी सूची में शामिल हैं।
पुलिस मुख्यालय ने सभी जिलों को निर्देश दिया है कि वे वर्दी में सोशल मीडिया के उपयोग पर सख्त नियंत्रण रखें और किसी भी प्रकार के उल्लंघन पर तत्काल कार्रवाई करें। अधिकारियों का कहना है कि यह कदम विभागीय अनुशासन और वर्दी की गरिमा बनाए रखने के लिए आवश्यक है।