Hindi News / bihar / patna-news / पटना में सनसनीखेज वारदात: हंसी-मजाक में चली गोली, दोस्त के मुंह से हुई...

पटना में सनसनीखेज वारदात: हंसी-मजाक में चली गोली, दोस्त के मुंह से हुई आर-पार, युवक की हालत गंभीर

Bihar News: बिहार के पटना जिले से आई इस हैरान कर देने वाली घटना ने हर किसी को सोचने पर मजबूर कर दिया है। दोस्तों के बीच चल रहा मजाक कब खौफनाक हकीकत में बदल जाएगा, इसका अंदाजा वहां मौजूद किसी को नहीं था। अचानक गोली की तेज आवाज ने सन्नाटा...

1st Bihar Published by: First Bihar Updated Apr 09, 2026, 10:35:35 AM

पटना में सनसनीखेज वारदात: हंसी-मजाक में चली गोली, दोस्त के मुंह से हुई आर-पार, युवक की हालत गंभीर

- फ़ोटो

Bihar Crime News: बिहार के पटना जिले के बाढ़ अनुमंडल अंतर्गत पंडारक थाना क्षेत्र के कोंदी गांव से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां दोस्तों के बीच बैठकी अचानक खूनी वारदात में बदल गई। बताया जा रहा है कि गांव में राम-जानकी मंदिर के पास कुछ युवक आपस में बैठे थे, तभी मजाक-मजाक में एक युवक ने अपने ही दोस्त राजू नामक व्यक्ति के मुंह में गोली मार दी। गोली इतनी खतरनाक तरीके से लगी कि वह बाएं गाल को चीरते हुए जबड़े से टकराई और दाईं ओर से बाहर निकल गई।


घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और परिजन घायल युवक को आनन-फानन में अनुमंडल अस्पताल बाढ़ लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए पटना रेफर कर दिया। अस्पताल में इलाज कर रहे चिकित्सक डॉ. दिलीप कुमार ने बताया कि गोली बाएं तरफ से जबड़े को गंभीर रूप से घायल करते हुए आर-पार निकल गई है, फिलहाल युवक की हालत स्थिर है लेकिन सर्जरी जरूरी होने के कारण उसे बेहतर इलाज के लिए पटना भेजा गया है।


घायल युवक के परिजनों ने बताया कि घटना उस वक्त हुई जब राजू मंदिर के पास बैठा था और पड़ोस का ही एक युवक वहां पहुंचा, जिसके बाद अचानक उसने गोली चला दी। परिजनों का कहना है कि मामला आपसी मजाक के दौरान हुआ, लेकिन यह मजाक पल भर में जानलेवा बन गया।


इधर घटना की सूचना मिलते ही पंडारक थाना पुलिस सक्रिय हो गई है। थानाध्यक्ष नवनीत राय ने बताया कि मामले की जानकारी मिल चुकी है और पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच में जुट गई है। आरोपी युवक की तलाश की जा रही है तथा यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि गोली चलने के पीछे असल वजह क्या थी।


इस घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है और लोग हैरान हैं कि दोस्तों के बीच का मजाक इतनी बड़ी वारदात में कैसे बदल गया। पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि इस्तेमाल किया गया हथियार कहां से आया और आरोपी के पास बंदूक कैसे आया।