1st Bihar Published by: FIRST BIHAR Updated May 05, 2026, 8:07:35 AM
बिहार पंचायत चुनाव 2026 - फ़ोटो Google
Bihar Panchayat Chunav 2026: बिहार में त्रिस्तरीय पंचायत एवं ग्राम कचहरी चुनाव की तैयारियों के तहत बिहार राज्य निर्वाचन आयोग ने सोमवार को निर्वाचन क्षेत्रों की आबादी का प्रकाशन कर दिया। आयोग ने इसके साथ ही दावा-आपत्ति दर्ज करने की प्रक्रिया और समय-सीमा भी तय कर दी है।
आयोग के अनुसार, 18 मई तक मतदाता या संबंधित व्यक्ति निर्वाचन क्षेत्र की सूची पर दावा-आपत्ति दर्ज कर सकते हैं। इस प्रक्रिया में केवल 2011 की जनगणना के आंकड़ों को ही आधार माना जाएगा। प्राप्त आपत्तियों का निपटारा 22 मई तक कर दिया जाएगा, जबकि प्रारूप मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन 5 जून को किया जाएगा।
प्रारूप सूची में उन क्षेत्रों में संशोधन किया गया है, जहां ग्रामीण इलाके अब नगर निकायों में शामिल हो चुके हैं। आयोग ने स्पष्ट किया है कि इस बार पूरी प्रक्रिया डिजिटल माध्यम से संचालित की जा रही है और सभी आंकड़े आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध कराए जा रहे हैं।
आयोग ने दावा-आपत्ति की प्रक्रिया को लेकर व्यापक प्रचार-प्रसार के निर्देश दिए हैं। इसके तहत हाट-बाजारों में ढोल-नगाड़ा बजाकर सूचना देने, साथ ही अखबारों और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के माध्यम से लोगों को जागरूक करने को कहा गया है, ताकि अधिक से अधिक लोग अपनी आपत्तियां दर्ज करा सकें।
आपत्तियों की जांच और निष्पादन के लिए भी जिम्मेदार पदाधिकारियों की नियुक्ति की गई है। पंचायत और पंचायत समिति स्तर पर प्रखंड विकास पदाधिकारी, जिला परिषद स्तर पर अनुमंडल पदाधिकारी तथा अपील मामलों में जिला पदाधिकारी को अंतिम निर्णय का अधिकार दिया गया है।
आयोग ने यह भी स्पष्ट किया है कि केवल जनसंख्या से संबंधित आपत्तियां ही स्वीकार की जाएंगी। अधिक जानकारी के लिए आयोग की वेबसाइट www.sec.bihar.gov.in पर देखा जा सकता है। साथ ही टोल-फ्री नंबर 1800-3457-243 पर कॉल कर निर्वाचन संबंधी सूचना, सुझाव या शिकायत दर्ज कराई जा सकती है।