Bihar News: ऑनलाइन गेमिंग की लत आजकल के युवाओं की जिंदगी बर्बाद कर रही है। ताजा मामला राजधानी पटना से है, जहां पबजी गेम खेलने से रोकने पर एक युवक ने फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली है। घटना अगमकुआं इलाके की है। मृतक विकास कुमार की शादी महज एक साल पहले हुई थी। परिजनों के मुताबिक, ऑनलाइन गेम खेलने की लत को लेकर पत्नी से अक्सर मृतक का विवाद होता था।
बताया जा रहा है कि बुधवार को युवक का शव कमरे में फंदे से लटका मिला। परिजनों के मुताबिक, विकास पहले दिल्ली में काम करता था, लेकिन हाल ही में वह घर लौटा था। उसे पबजी खेलने की लत थी, जिससे उसकी पत्नी परेशान थी और उसे गेम छोड़ने के लिए कहती थी। इसी बात को लेकर दोनों के बीच अक्सर विवाद होता था। परिवारवालों ने बताया कि विकास पहले भी आत्महत्या करने की धमकी दे चुका था।
घटना के समय विकास की पत्नी घर पर नहीं थी। चैती छठ के मौके पर वह अपने मायके गई हुई थी। दोनों खेमनीचक में किराए के मकान में रहते थे। पत्नी के घर से जाने के बाद विकास अकेला था, इसी दौरान उसने यह खौफनाक कदम उठा लिया। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।






