Hindi News / bihar / muzaffarpur-news / बिहार में तेज रफ्तार का कहर: सड़क हादसे में घायल युवक ने इलाज...

बिहार में तेज रफ्तार का कहर: सड़क हादसे में घायल युवक ने इलाज के दौरान तोड़ा दम, चार बच्चों के सिर से उठा पिता का साया

Bihar Road Accident: मुजफ्फरपुर के गायघाट में सड़क हादसे के बाद इलाज करा रहे एक व्यक्ति की मौत हो गई। इस घटना से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है, जबकि पुलिस ने परिजनों के बयान के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है। जानिए पूरा मामला...

1st Bihar Published by: First Bihar Updated Jul 05, 2026, 10:50:45 AM

बिहार में तेज रफ्तार का कहर: सड़क हादसे में घायल युवक ने इलाज के दौरान तोड़ा दम, चार बच्चों के सिर से उठा पिता का साया

- फ़ोटो

Bihar Road Accident: मुजफ्फरपुर जिले के गायघाट प्रखंड अंतर्गत बेनीबाद थाना क्षेत्र के केवटसा गांव में सड़क हादसे के बाद एक परिवार की खुशियां मातम में बदल गईं. 30 जून को तेज रफ्तार बाइक की टक्कर में गंभीर रूप से घायल हुए 40 वर्षीय संधीर मंडल उर्फ वकील मंडल ने कई दिनों तक जिंदगी और मौत से जूझने के बाद शनिवार को इलाज के दौरान दम तोड़ दिया. उनकी मौत की खबर मिलते ही पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई, जबकि परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.


मृतक की पहचान स्वर्गीय राम जतन मंडल के पुत्र संधीर मंडल उर्फ वकील मंडल के रूप में हुई है. बताया जा रहा है कि 30 जून को वह खाली रसोई गैस सिलेंडर लेकर डीह जारंग स्थित गैस एजेंसी जाने के लिए घर से निकले थे. केवटसा-कटरा मोड़ पर सड़क किनारे वाहन का इंतजार कर रहे थे, तभी गांव के ही सोनेलाल सहनी उर्फ मियां सहनी के पुत्र मनीष कुमार तेज रफ्तार बाइक लेकर पहुंचा और उन्हें जोरदार टक्कर मार दी.


हादसे में संधीर मंडल गंभीर रूप से घायल हो गए. स्थानीय लोगों और परिजनों की मदद से उन्हें तत्काल मुजफ्फरपुर शहर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां कई दिनों तक उनका इलाज चला. हालांकि डॉक्टरों की तमाम कोशिशों के बावजूद शनिवार शाम करीब 2 बजे उन्होंने अंतिम सांस ली.


संधीर मंडल की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है. वह अपने पीछे पत्नी और चार छोटे-छोटे बच्चों को छोड़ गए हैं. पिता के असमय निधन के बाद बच्चों के सिर से साया उठ गया है और परिवार के सामने आर्थिक संकट भी खड़ा हो गया है. गांव के लोगों ने पीड़ित परिवार को सरकारी सहायता और उचित मुआवजा देने की मांग की है.


मामले को लेकर बेनीबाद थानाध्यक्ष राजकुमार गौतम ने बताया कि मृतक के परिजनों का फर्द बयान दर्ज कर लिया गया है. उनके बयान के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है.