Hindi News / bihar / patna-news / बिहार में ग्रामीण आवास योजना को बढ़ावा, सभी जिलों के लिए 10 करोड़...

बिहार में ग्रामीण आवास योजना को बढ़ावा, सभी जिलों के लिए 10 करोड़ रुपये जारी

बिहार सरकार ने “मुख्यमंत्री ग्रामीण आवास योजना” के तहत वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए सभी जिलों को 10 करोड़ रुपये जारी किए हैं। योजना के तहत जर्जर मकानों में रहने वाले गरीब परिवारों को नए पक्के घर के निर्माण के लिए 1.20 लाख रुपये की सहायता दी जाएगी।

1st Bihar Published by: FIRST BIHAR Updated May 22, 2026, 7:42:47 PM

Bihar News

- फ़ोटो File

Bihar News: बिहार सरकार ने ग्रामीण क्षेत्रों में गरीब परिवारों को पक्का मकान उपलब्ध कराने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। ग्रामीण विकास एवं सूचना-जनसंपर्क मंत्री श्रवण कुमार ने बताया कि वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए “मुख्यमंत्री ग्रामीण आवास योजना” के तहत राज्य के सभी जिलों को 10 करोड़ रुपये की राशि जारी की गई है।


मंत्री ने बताया कि इस योजना का लाभ उन परिवारों को दिया जाएगा, जिन्हें 1 जनवरी 1996 से पहले विभिन्न आवास योजनाओं के तहत समूह आवास मिले थे, लेकिन अब वे मकान जर्जर और रहने लायक नहीं बचे हैं। ऐसे लाभुक पहले से आवास प्राप्त होने के कारण प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) का लाभ नहीं ले पा रहे हैं और उनका नाम प्रतीक्षा सूची में भी शामिल नहीं है।


उन्होंने कहा कि पात्र परिवारों को “मुख्यमंत्री ग्रामीण आवास योजना” के तहत नए मकान निर्माण के लिए 1 लाख 20 हजार रुपये की सहायता तीन किश्तों में दी जाएगी। यह राशि सभी जिलों में चयनित लाभार्थियों को उपलब्ध कराई जाएगी।


ग्रामीण विकास मंत्री श्रवण कुमार ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के संकल्प को पूरा करने के लिए राज्य सरकार प्रतिबद्ध है और यह सुनिश्चित किया जाएगा कि ग्रामीण क्षेत्र का कोई भी गरीब परिवार बेघर न रहे। सरकार हर पात्र परिवार को पक्का और सुरक्षित आवास उपलब्ध कराने के लिए लगातार काम कर रही है।


उन्होंने कहा कि जारी की गई राशि से लाभार्थी अपने जर्जर मकानों का निर्माण कार्य पूरा कर सकेंगे और राज्य के गरीब परिवारों को पक्की छत का सपना साकार करने में मदद मिलेगी।