Hindi News / bihar / patna-news / बिहार में अब शादी-विवाह के लिए भी बुक होंगी सरकारी बसें, कम किराए...

बिहार में अब शादी-विवाह के लिए भी बुक होंगी सरकारी बसें, कम किराए में मिलेगी बेहतर सुविधा

Bihar News: बिहार में अब सरकारी बसें निजी उपयोग के लिए भी बुक होंगी. शादी-विवाह और यात्राओं के लिए कम किराए में बेहतर सुविधा मिलेगी. परिवहन निगम ने राज्य के लोगों को बड़ी सुविधा दी है.

1st Bihar Published by: FIRST BIHAR Updated Apr 25, 2026, 7:34:05 AM

Bihar News

प्रतिकात्मक तस्वीर - फ़ोटो Google

Bihar News: बिहार राज्य पथ परिवहन निगम ने आम लोगों को बड़ी सुविधा देते हुए अपनी बसों की बुकिंग को निजी उपयोग के लिए भी खोल दिया है। अब लोग शादी-विवाह, पारिवारिक कार्यक्रम, धार्मिक यात्रा और अन्य निजी कार्यों के लिए भी निगम की बसें बुक कर सकेंगे। इस फैसले से जहां आम लोगों को निजी बसों के मुकाबले कम किराए पर सुविधा मिलेगी, वहीं निगम के राजस्व में भी बढ़ोतरी की उम्मीद है।


अब तक निगम की बसें मुख्य रूप से सरकारी कार्यों, विभागीय कार्यक्रमों और सरकारी स्कूलों के शैक्षणिक भ्रमण के लिए ही उपलब्ध होती थीं। लेकिन मुख्यालय से जारी नए निर्देश के बाद आम नागरिक भी अपनी जरूरत के अनुसार इन बसों की बुकिंग करा सकेंगे।


निगम ने 240 किलोमीटर तक की दूरी के लिए अलग-अलग श्रेणी की बसों का किराया तय किया है। इसके अनुसार 22 सीट वाली बस के लिए 7,700 रुपये, 32 सीट वाली बस के लिए 11,200 रुपये और 42 सीट वाली बस के लिए 17,200 रुपये शुल्क निर्धारित किया गया है। यदि यात्रा 240 किलोमीटर से अधिक होगी, तो अतिरिक्त दूरी के लिए अलग से शुल्क लिया जाएगा।


भागलपुर पथ परिवहन निगम के अनुसार, यह सुविधा निजी बसों की तुलना में कम दर पर उपलब्ध कराई जा रही है। निगम का मानना है कि इस नई व्यवस्था से लोगों को सस्ती और विश्वसनीय परिवहन सुविधा मिलेगी, साथ ही निगम की आय में भी इजाफा होगा।