1st Bihar Published by: First Bihar Updated May 09, 2026, 9:15:12 AM
- फ़ोटो
Bihar Cabinet : बिहार में हाल ही में हुए मंत्रिमंडल विस्तार के बाद नई सरकार की तस्वीर पूरी तरह साफ हो गई है। इस बार कुल 7 नेताओं को पहली बार मंत्री बनने का मौका मिला है, जबकि पिछली सरकार में मंत्री रहे तीन नेताओं को नई कैबिनेट में जगह नहीं मिल सकी। मंत्रिमंडल विस्तार के बाद अब मंत्रियों की संपत्ति को लेकर भी चर्चा तेज हो गई है। जारी आंकड़ों के मुताबिक बिहार सरकार के कई मंत्री करोड़पति हैं और कुछ मंत्रियों की संपत्ति मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से भी ज्यादा है।
कैबिनेट में शामिल मंत्रियों की कुल संपत्ति 220.89 करोड़ रुपए बताई गई है। सबसे अमीर मंत्री रमा निषाद हैं, जिनके पास 31.86 करोड़ रुपए की संपत्ति है। दूसरे स्थान पर डॉ. श्वेता गुप्ता हैं, जिनकी कुल संपत्ति 29.24 करोड़ रुपए है। वहीं डॉ. अशोक चौधरी 22.39 करोड़ रुपए की संपत्ति के साथ तीसरे सबसे अमीर मंत्री हैं। इसके अलावा शीला कुमारी, डॉ. दिलीप जायसवाल, शैलेश कुमार उर्फ बुलो मंडल और विजय कुमार सिन्हा भी करोड़ों की संपत्ति वाले नेताओं में शामिल हैं।
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की संपत्ति 6.38 करोड़ रुपए बताई गई है। खास बात यह है कि उनकी तुलना में बिहार सरकार के 10 मंत्रियों के पास उनसे अधिक संपत्ति है। वहीं लोजपा कोटे से मंत्री बने संजय कुमार सबसे गरीब मंत्री माने जा रहे हैं। उनकी कुल संपत्ति सिर्फ 23.85 लाख रुपए है। इसके अलावा संजय सिंह टाइगर और नंदकिशोर राम की संपत्ति भी एक करोड़ रुपए से कम है।
आंकड़ों के अनुसार बिहार मंत्रिमंडल में कुल 35 मंत्री हैं, जिनमें से 32 मंत्री करोड़पति हैं। केवल तीन मंत्री ऐसे हैं जिनकी संपत्ति एक करोड़ रुपए से कम है। इससे साफ है कि बिहार की नई कैबिनेट में आर्थिक रूप से मजबूत नेताओं का दबदबा देखने को मिल रहा है।
महिला मंत्रियों की संपत्ति को लेकर भी दिलचस्प आंकड़े सामने आए हैं। सरकार में शामिल पांच महिला मंत्रियों की औसत संपत्ति पुरुष मंत्रियों की तुलना में तीन गुना से ज्यादा है। महिला मंत्रियों की औसत संपत्ति 16.08 करोड़ रुपए आंकी गई है, जबकि पुरुष मंत्रियों की औसत संपत्ति 4.68 करोड़ रुपए है। इससे यह स्पष्ट होता है कि बिहार कैबिनेट में महिला मंत्री आर्थिक रूप से काफी मजबूत स्थिति में हैं।
रिपोर्ट के अनुसार मंत्रिमंडल के पांच सबसे अमीर मंत्रियों के पास कुल संपत्ति का लगभग 46 प्रतिशत हिस्सा है। इन पांच मंत्रियों के पास मिलाकर 102 करोड़ रुपए से अधिक की संपत्ति है। दूसरी ओर पांच सबसे गरीब मंत्रियों के पास सिर्फ 3.63 करोड़ रुपए की संपत्ति है, जो कुल संपत्ति का मात्र 1.64 प्रतिशत हिस्सा है।
मंत्रिमंडल में शामिल अन्य प्रमुख मंत्रियों में श्रेयसी सिंह, दामोदर राउत, कुमार शैलेंद्र, संतोष कुमार सुमन, नीतीश मिश्रा, दीपक प्रकाश, मदन सहनी, बिजेंद्र प्रसाद यादव, विजय कुमार चौधरी और श्रवण कुमार जैसे नाम शामिल हैं। इन सभी नेताओं की संपत्ति करोड़ों में दर्ज की गई है।
मंत्रिमंडल विस्तार के बाद अब राजनीतिक समीकरणों के साथ-साथ मंत्रियों की संपत्ति को लेकर भी बिहार की राजनीति में चर्चा का दौर जारी है। विपक्ष भी सरकार के इन आंकड़ों को लेकर सवाल उठा सकता है, जबकि सत्तापक्ष इसे नेताओं की घोषित संपत्ति और पारदर्शिता का हिस्सा बता रहा है।
मंत्रिमंडल के सदस्यों की संपत्ति की लिस्ट
1. रमा निषाद - 31.86 करोड़
2. डॉ. श्वेता गुप्ता - 29.24 करोड़
3. डॉ. अशोक चौधरी - 22.39 करोड़
4. शीला कुमारी - 9.50 करोड़
5. डॉ. दिलीप जायसवाल - 9.33 करोड़
6. शैलेश कुमार उर्फ बुलो मंडल - 9.25 करोड़
7. विजय कुमार सिन्हा - 8.81 करोड़
8. श्रेयसी सिंह - 7.62 करोड़
9. दामोदर राउत - 6.70 करोड़
10. कुमार शैलेंद्र - 6.68 करोड़
11. सम्राट चौधरी - 6.38 करोड़
12. संतोष कुमार सुमन - 6.10 करोड़
13. नीतीश मिश्रा - 5.98 करोड़
14. संजय कुमार सिंह - 5.53 करोड़
15. दीपक प्रकाश - 4.96 करोड़
16. श्रीभगवान सिंह कुशवाहा - 4.70 करोड़
17. मदन सहनी - 3.85 करोड़
18. सुनील कुमार - 3.73 करोड़
19. निशांत कुमार - 3.61 करोड़
20. रत्नेश सदा - 3.57 करोड़
21. बिजेंद्र प्रसाद यादव - 3.46 करोड़
22. डॉ. रामचंद्र प्रसाद - 3.26 करोड़
23. विजय कुमार चौधरी - 3.13 करोड़
24. केदार प्रसाद गुप्ता - 3.04 करोड़
25. अरुण शंकर प्रसाद - 2.85 करोड़
26. श्रवण कुमार - 2.72 करोड़
27. मिथिलेश तिवारी - 2.67 करोड़
28. लेसी सिंह - 2.21 करोड़
29. रामकृपाल यादव - 2.04 करोड़
30. डॉ. प्रमोद कुमार - 1.76 करोड़
31. लखेंद्र कुमार रोशन - 1.64 करोड़
32. जमां खान - 1.43 करोड़
33. नंदकिशोर राम - 32.80 लाख
34. संजय सिंह टाइगर - 32.61 लाख
35. संजय कुमार - 23.85 लाख