1st Bihar Published by: First Bihar Updated May 05, 2026, 6:44:33 PM
मंत्रिमंडल विस्तार से पहले कैबिनेट मीटिंग - फ़ोटो सोशल मीडिया
Bihar Cabinet Meeting: मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी 6 मई को कैबिनेट की बैठक बुलाई है। कैबिनेट विस्तार के ठीक एक दिन पहले मंत्रिपरिषद की बैठक होगी। जिसमें कई अहम प्रस्तावों पर मुहर लग सकती है।
पटना के एतिहासिक गांधी मैदान में 7 मई को प्रस्तावित मंत्रिमंडल विस्तार और शपथ ग्रहण समारोह को लेकर तैयारियां शुरू कर दी गयी है। इस कार्यक्रम में देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के भी शामिल होने की संभावना है। इससे एक दिन पहले मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कैबिनेट की बैठक बुलाई है।
बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने मंत्रिपरिषद का विस्तार करने से पहले कैबिनेट की एक और बैठक बुला ली है। इस बैठक में दोनों डिप्टी सीएम बिजेन्द्र यादव और विजय कुमार चौधरी मौजूद रहेंगे। कैबिनेट की इस बैठक में सरकार विभिन्न विभागों से जुड़े अहम प्रस्तावों पर अपनी मंजूरी दे सकती है। बता दें कि लोकभवन में 15 अप्रैल को मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने के बाद सीएम सम्राट चौधरी पूरी तरह से एक्टिव हो गए हैं और लगातार बड़े फैसले ले रहे हैं। सीएम सम्राट चौधरी ने बुधवार 6 मई को फिर से कैबिनेट की बैठक बुलाई है। शाम पांच बजे मुख्य सचिवालय स्थित कैबिनेट हॉल में यह बैठक आयोजित होगी। बैठक में विकास से जुड़े कई अहम प्रस्तावों पर कैबिनेट की मुहर लगेगी।
इससे पहले 29 अप्रैल को कैबिनेट की बैठक आयोजित हुई थी, जिसमें विभिन्न विभागों से जुड़े 63 अहम प्रस्तावों पर सरकार की मंजूरी मिली थी। सरकार ने पटना के संजय गांधी जैविक उद्यान का नाम बदलने के प्रस्ताव को स्वीकृति दे दी थी। इस उद्यान के संचालन के लिए गठित संजय गांधी जैविक उद्यान प्रबंधन एवं विकास समिति का नामकरण पटना जू प्रबंधन एवं विकास समिति कर दिया गया था। इसके साथ ही कई अन्य प्रस्तावों पर सरकार की स्वीकृति मिली थी। इससे पहले 22 अप्रैल को सम्राट चौधरी ने कैबिनेट की पहली मीटिंग बुलाई थी, जिसमें कुल 22 एजेंडों पर मुहर लगी थी। बैठक में दोनों डिप्टी सीएम विजय कुमार चौधरी और बिजेन्द्र यादव मौजूद रहे थे।
बता दें कि कैबिनेट विस्तार के लिए मंत्रियों की लिस्ट लेकर पिछले दिनों मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी दिल्ली गये हुए थे। जहां बीजेपी आलाकमान की तरफ से मंत्रियों के नाम पर फाइनल मुहर लग गई है। दिल्ली से लौटने के बाद वो लगातार बिहार का दौरा कर रहे हैं। 7 मई को कैबिनेट का विस्तार हो जाएगा। खुद पीएम मोदी पटना के ऐतिहासिक गांधी मैदान में आयोजित शपथ ग्रहण समारोह में शिरकत करने आ रहे हैं। कई केंद्रीय मंत्री भी इस दिन पटना आएंगे और सम्राट कैबिनेट के विस्तार का गवाह बनेंगे।

पटना से प्रेम राज की रिपोर्ट