1st Bihar Published by: First Bihar Updated May 07, 2026, 8:17:36 PM
निशांत के लिए विभाग की अदला-बदली - फ़ोटो सोशल मीडिया
PATNA: बिहार में पिछले महीने बनी सम्राट चौधरी की सरकार का आज मंत्रिमंडल विस्तार हुआ. पिछले महीने सरकार बनी थी तो मुख्यमंत्री और दो डिप्टी सीएम ने ही शपथ लिया था. करीब 22 दिनों तक ये तीन नेता ही बिहार चलाते रहे. आज 32 मंत्रियों ने शपथ लिया. गांधी मैदान में शपथ ग्रहण के बाद शाम में मंत्रियों के बीच विभागों का बंटवारा कर दिया गया.
निशांत के लिए विभाग की अदला-बदली
मंत्रिमंडल के विस्तार से लेकर विभागों के बंटवारे में एनडीए के पांचों घटक दलों के बीच पुराना फार्मूला ही कायम रहा. लेकिन, नीतीश के कुर्सी छोड़ने के दौरान राजनीति में कदम रखने वाले उनके बेटे निशांत कुमार के लिए जेडीयू औऱ बीजेपी के बीच विभागों की अदला बदली हुई. जेडीयू ने बीजेपी से एक विभाग लिया तो बदले में बीजेपी को दो विभाग सौंपे.
निशांत को स्वास्थ्य विभाग मिला
बिहार में जब भी जेडीयू औऱ बीजेपी की सरकार रही है, स्वास्थ्य विभाग बीजेपी के पास रहा है. लेकिन 2005 के बाद ऐसा पहली बार हुआ है कि स्वास्थ्य विभाग जेडीयू के कोटे में गया है. जेडीयू ने इस दफे नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार के लिए खास तौर पर बीजेपी से स्वास्थ्य विभाग लिया. बदले में बीजेपी को दो विभाग सौंपा गया.
शिक्षा और उच्च शिक्षा विभाग बीजेपी के पास
जेडीयू ने अपने हिस्से के दो विभाग बीजेपी को सौंपे हैं. शिक्षा और उच्च शिक्षा विभाग बीजेपी के कोटे में गये हैं. बीजेपी के मिथलेश तिवारी को शिक्षा मंत्री बनाया गया है. वहीं, संजय सिंह टाइगर को उच्च शिक्षा विभाग का मंत्री बनाया गया है. हालांकि ये दोनों विभाग पहले एक साथ ही थे. 2025 के चुनाव के बाद बनी एनडीए सरकार में शिक्षा विभाग से उच्च शिक्षा हटाकर नया विभाग बनाने का फैसला लिया गया था.
बाकी सारी पार्टियों के पास पुराने ही विभाग
बिहार में एऩडीए के पांच घटक दल हैं. बीजेपी, जेडीयू, लोजपा(रामविलास), हम औऱ राष्ट्रीय लोक मोर्चा. बीजेपी औऱ जेडीयू में एक विभाग के फेरबदल के अलावा बाकी सभी पार्टियों के विभाग वही हैं जो पहले से उनके पास थे. जेडीयू ने अपने मंत्रियों के विभागों में जरूर फेरबदल किया है. अशोक चौधरी, लेशी सिंह जैसी मंत्रियों के विभाग बदले गये हैं. 2005 से ही बिजली मंत्री की कुर्सी पर काबिज विजेंद्र यादव से पहली दफे बिजली विभाग वापस ले लिया गया है. शैलेश कुमार उर्फ बुलो मंडल को बिजली विभाग का मंत्री बनाया गया है.