Bihar Cabinet Meeting: नीतीश कैबिनेट की मंगलवार को हुई बैठक में 47 एजेंडों पर मुहर लगी है. कई विभागों में हजारों नए पद सृजित किए गए हैं. बिहार कैबिनेट ने पटना जिले के तीन नगर परिषद क्षेत्र का दायरा बढ़ाया है. नए क्षेत्र को नगर परिषद में शामिल किया गया है.
पटना जिले के फुलवारी शरीफ नगर परिषद क्षेत्र का क्षेत्रफल विस्तार किया गया है. अब इस नगर परिषद क्षेत्र का कुल क्षेत्रफल 16.5 1 वर्ग किलोमीटर एवं जनसंख्या 113594 हो जाएगी. वहीं दानापुर निजामत नगर परिषद का भी क्षेत्र विस्तार होगा. इसका कुल क्षेत्रफल 23.114 वर्ग किलोमीटर एवं जनसंख्या 1 लाख 95 हजार 564 होगी. क्षेत्र विस्तार से शहरीकरण में वृद्धि होगी तथा वहां के नागरिकों को शहरी सुविधाओं का लाभ मिलेगा. नगर परिषद खगौल का भी क्षेत्र विस्तार किया गया है. इसका कुल क्षेत्रफल 9.4 वर्ग किलोमीटर तथा जनसंख्या 65451 होगा.
नीतीश कैबिनेट ने डीआई को किया बर्खास्त
पटना के तत्कालीन औषधि निरीक्षक जितेन्द्र कुमार को सेवा से बर्खास्त कर दिया गया है. सेवा काल में भ्रष्टाचार से अकूत संपत्ति अर्जित करने वाले पटना के तत्कालीन औषधि निरीक्षक जितेंद्र कुमार जो निलंबित थे, उन्हें बर्खास्त कर दिया गया है. निलंबन अवधि के लिए निर्धारित मुख्यालय में बिना योगदान दिए ही, अनाधिकृत रूप से अनुपस्थित थे. इन आरोपों को लिए औषधि निरीक्षक को सेवा से बर्खास्त किया गया है





