Bihar Assembly bomb threat: बिहार विधानसभा को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट मोड में आ गई हैं। इस मामले पर विधानसभा अध्यक्ष प्रेम कुमार ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने बताया कि आज सुबह 11 बजकर 11 मिनट पर ई-मेल के जरिए धमकी मिली, जिसके बाद तुरंत उच्च स्तरीय बैठक बुलाई गई और जांच शुरू कर दी गई।
प्रेम कुमार ने कहा कि जैसे ही धमकी की सूचना मिली, विधानसभा परिसर की व्यापक जांच शुरू कर दी गई। बाहरी परिसर से लेकर विधानसभा भवन के अंदर हर कमरे और हर हिस्से की बारीकी से तलाशी ली जा रही है। इस दौरान बम निरोधक दस्ता, डॉग स्क्वायड और स्कैनिंग टीम को भी लगाया गया है, ताकि किसी भी तरह के खतरे को तुरंत खत्म किया जा सके।
उन्होंने बताया कि फिलहाल सुरक्षा एजेंसियां लगातार जांच में जुटी हुई हैं और पूरे परिसर की निगरानी की जा रही है। साथ ही सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया गया है, ताकि किसी भी तरह की अनहोनी से बचा जा सके।
विधानसभा अध्यक्ष ने साफ कहा कि जो भी इस धमकी के पीछे जिम्मेदार होगा, उसे बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा कि पहले भी इस तरह के मामले सामने आए हैं, लेकिन इस बार विधानसभा को ई-मेल के जरिए उड़ाने की धमकी मिली है, जो बेहद गंभीर मामला है।
प्रेम कुमार ने कहा कि विधानसभा की सुरक्षा व्यवस्था को और कड़ा किया जाएगा और जांच एजेंसियां इस पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही हैं। दोषियों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।




