1st Bihar Published by: First Bihar Updated May 08, 2026, 3:43:48 PM
- फ़ोटो
Bihar crime news : बाढ़ अनुमंडल पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी और अवैध हथियारों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बड़ी सफलता हासिल की है। वरीय पुलिस अधीक्षक, पटना एवं पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण), पटना के निर्देश पर की गई इस कार्रवाई में मोकामा थाना क्षेत्र से दो कुख्यात तस्करों को अवैध हथियार, कारतूस और ब्राउन शुगर के साथ गिरफ्तार किया गया है।
अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, बाढ़-01 के निर्देशानुसार मोकामा थाना अध्यक्ष द्वारा प्राप्त गुप्त सूचना के आधार पर यह छापेमारी की गई। पुलिस टीम ने शंकरवार टोला स्थित कैला के मकान पर अचानक छापेमारी कर दो संदिग्ध व्यक्तियों को मौके से दबोच लिया। तलाशी के दौरान उनके पास से अवैध देशी कट्टा, जिंदा कारतूस तथा मादक पदार्थ ब्राउन शुगर बरामद किया गया।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान राजकुमार उर्फ कैला, पिता वरविन्द सिंह, निवासी शंकरवार टोला वार्ड संख्या-16, थाना मोकामा, जिला पटना तथा किशन कुमार उर्फ बन्ना, पिता मंगल राम, निवासी शंकरचार टोला वार्ड संख्या-17, थाना मोकामा, जिला पटना के रूप में हुई है।
दोनों आरोपियों का आपराधिक इतिहास भी काफी लंबा बताया जा रहा है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार राजकुमार उर्फ कैला के खिलाफ पहले भी कई मामले दर्ज हैं, जिनमें मोकामा थाना कांड संख्या-257/18, 242/19 और 247/19 शामिल हैं। इन मामलों में बिहार मद्य निषेध एवं उत्पाद अधिनियम तथा अन्य धाराओं के तहत कार्रवाई की गई थी।
वहीं, किशन कुमार उर्फ बन्ना के खिलाफ भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। इनमें वर्ष 2018 से लेकर 2026 तक के मामले शामिल हैं। हाल ही में दर्ज कांड संख्या-75/26 में उसके खिलाफ बीएनएस एवं आर्म्स एक्ट की गंभीर धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया था।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने कुल 01 अवैध देशी कट्टा, 05 जिंदा कारतूस, लगभग 18 ग्राम ब्राउन शुगर, 15 लाइटर, 02 मोबाइल फोन तथा ₹8130 नकद राशि बरामद की है। प्रारंभिक जांच में यह संकेत मिले हैं कि दोनों आरोपी क्षेत्र में नशे के अवैध कारोबार और हथियार सप्लाई से जुड़े नेटवर्क का हिस्सा हो सकते हैं।
इस पूरी कार्रवाई में पुलिस की एक विशेष टीम शामिल थी, जिसमें थानाध्यक्ष कुमाल कुमार, पु०अ०नि० सुनील कुमार, ललन कुमार सिंह, अवनीश कुमार, राजेश कुमार सहित सशस्त्र बल के जवान सक्रिय रहे। टीम ने पूरी योजना के साथ छापेमारी कर इस सफल गिरफ्तारी को अंजाम दिया।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। साथ ही यह भी पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि इनके नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं तथा मादक पदार्थ और हथियार कहां से सप्लाई किए जा रहे थे।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि इलाके में नशे और अवैध हथियारों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। इस कार्रवाई से क्षेत्र में सक्रिय आपराधिक गिरोहों में हड़कंप मच गया है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही इस नेटवर्क के अन्य सदस्यों को भी गिरफ्तार किया जाएगा।