1st Bihar Published by: FIRST BIHAR Updated Apr 28, 2026, 10:03:36 AM
- फ़ोटो Reporter
Bihar News: प्रेम का जुनून जब सिर चढ़कर बोले, तो जमीन कम पड़ जाती है… कुछ ऐसा ही नज़ारा सोमवार देर रात पश्चिमी चंपारण जिले के योगापट्टी थाना क्षेत्र अंतर्गत नवगांवा गांव में देखने को मिला, जब एक आशिक सीधे जियो टावर की चोटी पर जा पहुंचा। देखते ही देखते गांव में हड़कंप मच गया और आधी रात का सन्नाटा ‘हाई-वोल्टेज ड्रामे’ में बदल गया।
जानकारी के अनुसार, धनुषटोली निवासी सुजित धानू का बेटा चंदन धानू रात करीब 2 बजे अचानक जियो टावर पर चढ़ गया। बताया जा रहा है कि फहतेपुर की एक लड़की से चल रहे इश्क के रिश्ते में जब खटास आई, तो जनाब ने गुस्से में ऐसा कदम उठा लिया कि सबकी सांसें अटक गईं। ऊपर पहुंचकर चंदन ने साफ फरमान सुना दिया कि पहले मुलाकात, फिर टावर से उतरना होगा।
टावर पर चढ़े आशिक को देखने के लिए धीरे-धीरे भीड़ उमड़ पड़ी। कोई समझा रहा था, तो कोई वीडियो बना रहा था। इसी बीच सूचना मिलते ही योगापट्टी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घंटों तक ‘मनाने का मिशन’ चलता रहा। लेकिन चंदन भी कम नहीं, फोन पर बात करते हुए बार-बार शर्त रखता रहा कि पहले भीड़ हटे, तभी वो नीचे आएगा।
मामले की नाजुकता को देखते हुए पुलिस ने परिजनों को बुलाया। गांव के बुजुर्गों से लेकर रिश्तेदारों तक, सबने अपने-अपने तरीके से समझाने की कोशिश की। यहां तक कि लड़की को भी युवक के घर भेजने की चर्चा शुरू हो गई, ताकि किसी तरह ये ‘टावर ड्रामा’ खत्म हो सके।
काफी मशक्कत के बाद भी युवक टस से मस नहीं हुआ। लोगों की भीड़ बढ़ती गई और हर किसी की नजर टावर की चोटी पर टिकी रही। पुलिस का कहना है कि उनकी पहली प्राथमिकता युवक को सुरक्षित नीचे उतारना है, और इसके लिए हर संभव कोशिश जारी है।
बेतिया से संतोष कुमार की रिपोर्ट..