1st Bihar Published by: First Bihar Updated Apr 27, 2026, 10:47:46 AM
- फ़ोटो
BIHAR: बिहार के पश्चिम चंपारण जिले से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां एक पत्नी ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर पति की हत्या कर दी और फिर उसे हादसा बताकर बचने की कोशिश की। लेकिन पुलिस जांच में उसकी साजिश ज्यादा देर तक छिप नहीं सकी और पूरा मामला खुलकर सामने आ गया।
जानकारी के मुताबिक, लौरिया थाना क्षेत्र के गोबरौरा पंचायत स्थित मटियरिया बंगाली कॉलोनी में शनिवार देर रात 35 वर्षीय अमित कुमार नमोदास की हत्या कर दी गई। इस वारदात को अंजाम देने का आरोप उसकी पत्नी नीलम देवी (28) और उसके प्रेमी पर है। घटना के बाद नीलम ने खुद को बचाने के लिए एक अजीब कहानी गढ़ी।
झूठी कहानी से गुमराह करने की कोशिश
रविवार सुबह नीलम रोते-बिलखते हुए परिजनों को बताने लगी कि सोते समय उसका पैर अमित के नाजुक अंग पर पड़ गया, जिससे उसकी मौत हो गई। हालांकि, परिवार वालों को उसकी बात पर शक हुआ, क्योंकि पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता रहता था।
पुलिस पूछताछ में टूटा झूठ
मामले की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और नीलम को हिरासत में लेकर पूछताछ की। सख्ती से पूछताछ करने पर वह टूट गई और सच्चाई कबूल कर ली। उसने बताया कि उसने अपने प्रेमी के साथ मिलकर पति की हत्या की साजिश रची थी।
नींद की दवा देकर की हत्या
नीलम ने खुलासा किया कि उसके प्रेमी ने ही उसे नींद की दवा दी थी। शनिवार रात उसने वह दवा अमित के खाने में मिला दी। जब अमित गहरी नींद में सो गया, तब दोनों ने मिलकर उसका गला दबाकर हत्या कर दी।
साक्ष्य जुटाने में जुटी एफएसएल टीम
घटना की सूचना पर एफएसएल टीम भी मौके पर पहुंची और जरूरी सबूत इकट्ठा किए। पुलिस ने आरोपी पत्नी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि उसके प्रेमी की तलाश में लगातार छापेमारी की जा रही है।
पारिवारिक विवाद की भी थी पृष्ठभूमि
परिजनों के अनुसार, अमित और नीलम की शादी करीब नौ साल पहले हुई थी और उनके दो छोटे बच्चे भी हैं। दोनों के बीच अक्सर झगड़े होते रहते थे। करीब चार महीने पहले पंचायत के जरिए दोनों में सुलह कराई गई थी। बताया जाता है कि अमित का हाल ही में हार्निया का ऑपरेशन भी हुआ था।
पुलिस की कार्रवाई जारी
थानाध्यक्ष के अनुसार, शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है और फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास जारी हैं।