Hindi News / bihar / pashchim-champaran-news / बेतिया में दर्दनाक सड़क हादसा: पेड़ से टकराई बाइक, बैंक कर्मी की मौके...

बेतिया में दर्दनाक सड़क हादसा: पेड़ से टकराई बाइक, बैंक कर्मी की मौके पर मौत

बेतिया-मैनाटांड मुख्य मार्ग पर बलथर के पास हुए सड़क हादसे में ग्रामीण बैंक के लिपिक जीतेश शर्मा की मौत हो गई। तेज रफ्तार में बाइक अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई, जिससे मौके पर ही उनकी जान चली गई।

1st Bihar Published by: First Bihar Updated May 25, 2026, 9:23:01 PM

बिहार न्यूज

परिजनों में मचा कोहराम - फ़ोटो रिपोर्टर

BETTIAH: खबर बेतिया से हैं जहां बेतिया-मैनाटांड मुख्य मार्ग पर बलथर के पास हुए दर्दनाक सड़क हादसे में एक बैंक कर्मी की जान चली गई। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गयी। 


मृतक की पहचान बेतिया नगर निगम के वार्ड संख्या 29 निवासी कृष्णा शर्मा के पुत्र जीतेश शर्मा के रूप में हुई है। वे ग्रामीण बैंक में लिपिक पद पर कार्यरत थे। बताया जा रहा है कि सोमवार को वह अपने घर से बैंक ड्यूटी के लिए बाइक से निकले थे। इसी दौरान बलथर के समीप उनकी बाइक दुर्घटनाग्रस्त हो गई।


घटना की सूचना मिलने पर बलथर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जीएमसीएच बेतिया भेज दिया। पुलिस ने मृतक के पास से मिले पहचान पत्र और आईडी कार्ड के आधार पर उनकी पहचान की। इसके बाद परिजनों को हादसे की सूचना दी गई। सूचना मिलते ही मृतक के पिता कृष्णा शर्मा समेत परिवार के अन्य सदस्य घटनास्थल पर पहुंचे और शव की पहचान की।


स्थानीय लोगों ने बताया कि जीतेश शर्मा की बाइक अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई। हादसे के दौरान उनका हेलमेट सिर से निकल गया, जिससे वह सड़क पर गिर पड़े। सिर में गंभीर चोट लगने के कारण उनकी मौके पर ही मौत हो गई।


मामले को लेकर बलथर थानाध्यक्ष ओमप्रकाश कुमार ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार, संतुलन बिगड़ने या अन्य कारणों को लेकर जांच की जा रही है।

बेतिया से संतोष कुमार की रिपोर्ट