Hindi News / bihar / pashchim-champaran-news / बारिश के बीच अनोखी बिदाई, घोड़े पर पानी में भीगे दूल्हे और डोली...

बारिश के बीच अनोखी बिदाई, घोड़े पर पानी में भीगे दूल्हे और डोली में दुल्हन का वीडियो वायरल

बेतिया में मूसलाधार बारिश के बीच पारंपरिक अंदाज में हुई दुल्हन की बिदाई। दूल्हा घोड़े पर सवार होकर पहुंचा, बारिश में भी नहीं टूटा उत्साह, वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल।

1st Bihar Published by: First Bihar Updated May 01, 2026, 4:04:37 PM

बिहार न्यूज

दुल्हन की अनोखी विदाई - फ़ोटो सोशल मीडिया

BETTIAH: बेतिया में तेज बारिश भी शादी की खुशियों के आगे फीकी पड़ गई। शहर के कोतवाली चौक के पास शुक्रवार को एक ऐसी अनोखी बिदाई देखने को मिली, जिसने हर किसी का दिल छू लिया। मूसलाधार बारिश के बावजूद शादी की सभी रस्में पूरे पारंपरिक अंदाज में निभाई गईं।


दूल्हा घोड़े पर सवार होकर बैंड-बाजे की धुन के साथ अपनी दुल्हन को विदा कराने पहुंचा। इस दौरान लगातार बारिश होती रही, लेकिन ना तो बारातियों का उत्साह कम हुआ और न ही परिवार के लोगों का जोश। बारिश के बीच पारंपरिक अंदाज में निकली बिदाई को देखने के लिए आसपास के लोगों की भीड़ जमा हो गई। कई लोग अपने मोबाइल कैमरे में इस खास पल को कैद करते नजर आए।


दुल्हन की विदाई पूरे रीति-रिवाज और भावुक माहौल के बीच संपन्न हुई। एक ओर परिवार के सदस्य भावुक दिखे, वहीं दूसरी ओर शादी की खुशियां और उत्साह माहौल में साफ झलक रहा था। बारिश के बीच निकली यह अनोखी बिदाई अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है। लोग वीडियो को खूब पसंद कर रहे हैं और इसे जज्बात, परंपरा और उत्साह का अनोखा संगम बता रहे हैं।

बेतिया से संतोष कुमार की रिपोर्ट