Hindi News / bihar / pashchim-champaran-news / कमर में छुपाई शराब, बाइक की डिक्की में भी भरा माल… बेतिया में...

कमर में छुपाई शराब, बाइक की डिक्की में भी भरा माल… बेतिया में तस्कर की चालाकी फेल, पुलिस ने दबोचा

Bihar News: बेतिया में शराब तस्करी का एक ऐसा मामला सामने आया है जिसने पुलिस को भी हैरान कर दिया। देखने में सामान्य लगने वाला एक युवक जब पकड़ा गया, तो उसके पास छिपाने का तरीका बेहद अलग निकला। लेकिन उसकी चालाकी ज्यादा देर तक काम...

1st Bihar Published by: First Bihar Updated Apr 26, 2026, 11:26:19 AM

कमर में छुपाई शराब, बाइक की डिक्की में भी भरा माल… बेतिया में तस्कर की चालाकी फेल, पुलिस ने दबोचा

- फ़ोटो

बिहार में शराबबंदी लागू है, लेकिन जमीनी हकीकत कुछ और ही कहानी बयां करती नजर आती है। खासकर बेतिया में आए दिन शराब तस्करी के ऐसे-ऐसे तरीके सामने आ रहे हैं, जिन्हें सुनकर पुलिस भी हैरान रह जाती है। इस बार भी कुछ ऐसा ही हुआ, जब एक शातिर तस्कर ने पुलिस को चकमा देने के लिए देसी जुगाड़ अपनाया, लेकिन उसकी चालाकी ज्यादा देर तक नहीं चल सकी।


मामला कालीबाग थाना क्षेत्र का है, जहां पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि एक युवक इलाके में विदेशी शराब की सप्लाई कर रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस ने बिना देर किए जाल बिछाया और बुलाकी सिंह चौक के पास घेराबंदी कर संदिग्ध युवक को रोक लिया।


जब पुलिस ने उसकी तलाशी ली, तो जो खुलासा हुआ उसने सभी को चौंका दिया। आरोपी ने न सिर्फ शराब को अपनी मोटरसाइकिल की डिक्की में छुपा रखा था, बल्कि उसने अपने शरीर के कमर हिस्से में भी बोतलें छिपा रखी थीं। यानी ‘कमर में स्टॉक’ और ‘डिक्की में डिपो’ बनाकर वह बेखौफ तरीके से शराब की होम डिलीवरी कर रहा था।


पुलिस ने मौके से करीब 3 लीटर विदेशी शराब बरामद की। गिरफ्तार आरोपी की पहचान बुलाकी सिंह चौक स्थित मिस्कार टोली निवासी शहजाद के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह लंबे समय से इस धंधे में सक्रिय था और इलाके में चुपचाप शराब की सप्लाई करता था।


मामले की जानकारी देते हुए कालीबाग थानाध्यक्ष अजय कुमार ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई की गई थी। उन्होंने कहा कि आरोपी शराब की होम डिलीवरी करता था और पुलिस से बचने के लिए नए-नए तरीके अपनाता था, लेकिन इस बार वह बच नहीं सका।


पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और उससे पूछताछ जारी है। साथ ही यह भी पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि इस नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं।


गौरतलब है कि बिहार में शराबबंदी के बावजूद तस्कर लगातार नए-नए हथकंडे अपनाकर कानून को चुनौती दे रहे हैं। कभी जानवरों के जरिए तस्करी, तो कभी शरीर में छुपाकर शराब ले जाना—ऐसे कई मामले सामने आ चुके हैं। हालांकि पुलिस भी लगातार कार्रवाई कर इन पर नकेल कसने की कोशिश कर रही है।


(बेतिया से संतोष कुमार की रिपोर्ट)