1st Bihar Published by: First Bihar Updated Apr 28, 2026, 10:30:20 AM
- फ़ोटो
Bihar News: बिहार के बेतिया जिले से एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसने पुलिस की कार्यशैली पर सवाल खड़े कर दिए हैं। वीडियो में बारात में जा रही DJ गाड़ियों को रोककर कथित रूप से पैसे मांगने का आरोप लगाया जा रहा है। दावा किया जा रहा है कि यह वसूली परमिशन के नाम पर “खर्चा-पानी” के तौर पर की जा रही थी।
वायरल हो रहे वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि सड़क पर बारात के साथ जा रही DJ गाड़ियों को बीच रास्ते रोक दिया गया है। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मी गाड़ियों को रोककर कुछ बातचीत करते नजर आते हैं। आरोप है कि इसी दौरान उनसे पैसे की मांग की जा रही थी। हालांकि जैसे ही किसी ने मोबाइल से वीडियो बनाना शुरू किया, पुलिसकर्मी वहां से हटते हुए दिखाई देते हैं।
इस घटना के सामने आने के बाद इलाके में चर्चा का माहौल गरमा गया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस तरह की वसूली कोई नई बात नहीं है, बल्कि पहले भी ऐसे आरोप सामने आते रहे हैं। फर्क सिर्फ इतना है कि इस बार मामला कैमरे में कैद हो गया, जिससे यह सोशल मीडिया पर तेजी से फैल गया।
DJ वाहन चालक ने भी इस मामले में अपनी बात रखते हुए कहा कि वे लोग एक बारात में DJ लेकर जा रहे थे। रास्ते में पुलिस ने गाड़ी रोक ली और परमिशन के नाम पर “खर्चा-पानी” देने को कहा गया। चालक के मुताबिक, यह स्थिति उनके लिए असहज थी और इसी बीच किसी ने वीडियो बना लिया।
हालांकि इस पूरे मामले पर पुलिस की ओर से भी प्रतिक्रिया सामने आई है। विवेक दीप ने कहा है कि वायरल वीडियो उनके संज्ञान में आया है और इसकी जांच कराई जा रही है। उन्होंने बताया कि पहली नजर में ऐसा प्रतीत होता है कि किसी योजना के तहत पैसे देने की कोशिश करते हुए वीडियो बनाया गया है, ताकि मामला उछाला जा सके।
बताया जा रहा है कि यह वीडियो मझौलिया क्षेत्र का है, लेकिन इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी तक नहीं हुई है। पुलिस विभाग का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही स्थिति साफ हो पाएगी कि वीडियो में दिख रही घटना की सच्चाई क्या है।
फिलहाल यह वीडियो लोगों के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है। सोशल मीडिया पर लोग अलग-अलग प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं, कुछ लोग इसे पुलिस की गलत कार्यशैली बता रहे हैं, तो कुछ लोग पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग कर रहे हैं।