BAGAHA: बगहा के रामनगर क्षेत्र में एक महिला पर भालू के हमले से हड़कंप मच गया। यह घटना गोवर्धन थाना क्षेत्र के डुमरी रेंज अंतर्गत बगही सखुआनी गांव के दर्दरवा सरेह में हुई।
बताया जा रहा है कि 40 वर्षीय बबीता देवी, जो मथुरा चौधरी की पत्नी हैं, गन्ने की कोड़ाई करने खेत में गई थीं। इसी दौरान पहले से घात लगाए बैठे भालू ने अचानक उन पर हमला कर दिया, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गईं।
महिला की चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और शोर मचाया। लोगों की आवाज सुनकर भालू महिला को छोड़कर जंगल की ओर भाग गया।
घटना के बाद परिजनों ने घायल महिला को तुरंत रामनगर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां डॉक्टर एम काजिन ने प्राथमिक उपचार किया। हालत गंभीर देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया। इस घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है और ग्रामीणों में डर बना हुआ है।





