Bihar News: बिहार में भ्रष्ट अधिकारियों और सरकारी कर्मचारियों के खिलाफ निगरानी विभाग का एक्शन लगातार जारी है। ताजा मामला नवादा से आया है, जहां निगरानी विभाग की टीम ने अकबरपुर थाने के दारोगा को 25 हजार रुपए रिश्वत लेते रंगेहाथ गिरफ्तार किया है।
दरअसल, नवादा के वारिसलीगंज निवासी विकास कुमार ने पटना स्थित निगरानी विभाग में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने अकबरपुर थाने में तैनात दारोगा प्रमोद कुमार पर आरोप लगाया था कि एक केस को मैनेज करने के लिए रिश्वत की मांग कर रहे हैं। निगरानी की जांच में दारोगा पर लगे आरोप सही पाए गए।
इसके बाद निगरानी के डीएसपी गौतम कृष्ण के नेतृत्व में टीम का गठन किया गया। इसके बाद निगरानी की टीम नवादा पहुंची और और घूसखोर दारोगा को रंगेहाथ गिरफ्तार करने के लिए जाल बिछाया। जैसे ही पीड़ित विकास कुमार दारोगा प्रमोद कुमार को 25 हजार रुपए रिश्वत दे रहे थे, तभी टीम ने धावा बोल दिया।
निगरानी की टीम ने घूसखोर दारोगा को रंगेहाथ धर दबोचा। आरोपी को अरेस्ट करने के बाद निगरानी की टीम उसे अपने साथ पटना ले गई, जहां आरोपी को निगरानी की स्पेशल कोर्ट में पेश किया जाएगा। निगरानी के इस एक्शन से जिले के पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है।





