1st Bihar Published by: First Bihar Updated May 06, 2026, 6:33:02 PM
- फ़ोटो
Bihar News: बिहार के नवादा जिले से एक बेहद शर्मनाक मामला सामने आया है। यहां 9वीं कक्षा में पढ़ने वाली एक नाबालिग छात्रा के साथ पांच युवकों द्वारा सामूहिक दुष्कर्म किया गया, लेकिन हैरानी की बात यह रही कि इतनी गंभीर घटना के बावजूद मामला तुरंत पुलिस तक नहीं पहुंचा। गांव की पंचायत और सामाजिक दबाव के कारण यह मामला पूरे 6 दिनों तक दबा रहा, जिसके बाद जाकर एफआईआर दर्ज कराई गई।
घटना शाहपुर थाना क्षेत्र के एक गांव की है और 26 अप्रैल की रात करीब 11 बजे की बताई जा रही है। पीड़िता के अनुसार, एक युवक ने उसे मोबाइल पर वॉयस मैसेज भेजकर गांव के बधार में बुलाया। भरोसा कर जब वह वहां पहुंची, तो पहले से मौजूद आरोपी ने अपने चार अन्य साथियों को भी बुला लिया। इसके बाद सभी ने मिलकर उसके साथ जबरदस्ती की।
पीड़िता ने यह भी बताया कि आरोपियों ने घटना के दौरान उसका वीडियो बना लिया, ताकि बाद में उसे डराया और चुप कराया जा सके। वारदात के बाद आरोपी उसे उसके घर के पास छोड़कर भाग गए।
घर पहुंचकर छात्रा ने अपने परिजनों को पूरी घटना बताई, लेकिन इसके बाद परिवार सीधे थाने नहीं गया। पहले गांव में पंचायत बुलाई गई, जहां मामले को ‘सुलझाने’ की कोशिश होती रही। इस दौरान आरोपी पक्ष का दबाव भी बना रहा, जिससे परिवार खुलकर सामने नहीं आ सका।
इसी बीच आरोपियों ने पीड़िता को मोबाइल पर वीडियो भेजकर धमकाना शुरू कर दिया। उन्होंने वीडियो वायरल करने की धमकी दी और बदले में 10 हजार रुपये की मांग भी की। इस मानसिक दबाव और डर के बीच पीड़िता और उसका परिवार कई दिनों तक चुप रहा।
आखिरकार, जब हालात और बिगड़ने लगे, तब 3 मई को परिजनों ने हिम्मत जुटाकर शाहपुर थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए मामला दर्ज किया और पॉक्सो एक्ट समेत गंभीर धाराएं लगाई गईं।
जांच के दौरान पुलिस ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जिसकी उम्र करीब 17 साल बताई जा रही है। वहीं, बाकी चार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
पुलिस ने पीड़िता का मेडिकल परीक्षण कराया है और उसका बयान मजिस्ट्रेट के सामने दर्ज कराया गया है। साथ ही, फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाकर साक्ष्य जुटाए गए हैं। वरिष्ठ अधिकारियों ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच की दिशा तय की है।