1st Bihar Published by: First Bihar Updated Apr 23, 2026, 10:25:45 PM
जांच में जुटी पुलिस - फ़ोटो सोशल मीडिया
MUZAFFARPUR: मुजफ्फरपुर में मुरौल स्थित तिरहुत नहर पुल के समीप गुरुवार को वाहन चेकिंग के दौरान तिवारी गैंग के दो शातिर अपराधियों को अवैध हथियार के साथ गिरफ्तार किया गया, जबकि उनका एक साथी बाइक लेकर फरार हो गया।
गिरफ्तार अपराधियों की पहचान पटना जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र निवासी छोटू मिश्रा और विकास कुमार के रूप में हुई है। पुलिस ने इनके पास से एक पिस्टल, तीन कारतूस और एक मोबाइल फोन बरामद किया है। इस संबंध में सकरा थाना कांड संख्या 240/26 दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
चेकिंग के दौरान भागने की कोशिश, दो दबोचे गए
एसडीपीओ पूर्वी-2 (सकरा) मनोज कुमार सिंह ने बताया कि वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जिले में सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में लौतन गांव की ओर से एक बाइक पर सवार तीन युवकों को आते देखा गया। पुलिस को देखते ही तीनों भागने लगे। तत्परता दिखाते हुए पुलिस टीम ने पीछा कर दो अपराधियों को पकड़ लिया, जबकि बाइक चालक फरार हो गया।
वारदात को अंजाम देने की थी तैयारी
प्राथमिक पूछताछ में गिरफ्तार दोनों अपराधियों ने सकरा क्षेत्र में एक किसान से हुई 50 हजार रुपये की लूट में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। पुलिस के अनुसार, तीनों अपराधी किसी नई वारदात को अंजाम देने की फिराक में थे।
तिवारी गैंग से जुड़े हैं आरोपी
एसडीपीओ ने बताया कि गिरफ्तार दोनों अपराधी तिवारी गैंग के सक्रिय सदस्य हैं। इस गैंग का नेटवर्क बिहार के कई जिलों में फैला हुआ है और यह विशेष रूप से बैंक से पैसा निकालकर लौट रहे लोगों को निशाना बनाता है। सकरा इलाके में इस गैंग के करीब एक दर्जन सदस्य सक्रिय हैं, जो लूट और झपटमारी की घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं।
आपराधिक इतिहास भी रहा है
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार छोटू मिश्रा का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है। वह आर्म्स एक्ट और डकैती जैसे मामलों में जेल जा चुका है। मढ़ौरा थाना कांड संख्या 611/25 (आर्म्स एक्ट) में भी उसका नाम दर्ज है। अन्य आपराधिक इतिहास की जानकारी जुटाई जा रही है।
छापेमारी जारी, फरार आरोपी की तलाश
पुलिस ने फरार अपराधी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी है। एसडीपीओ ने बताया कि जिले में अपराध नियंत्रण, कानून-व्यवस्था बनाए रखने और वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इस कार्रवाई में थानाध्यक्ष सह इंस्पेक्टर कमलेश कुमार, एसआई अमित कुमार, एसआई शैलेश कुमार समेत अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे।