Hindi News / bihar / muzaffarpur-news / ‘शादी करो नहीं तो'... मुजफ्फरपुर में छात्रा को बीच सड़क घेरकर छेड़खानी, एसिड...

‘शादी करो नहीं तो'... मुजफ्फरपुर में छात्रा को बीच सड़क घेरकर छेड़खानी, एसिड अटैक की धमकी से दहशत

Bihar News: मुजफ्फरपुर में एक छात्रा के साथ हुई घटना ने लोगों को झकझोर कर रख दिया है। रास्ते में रोका गया, धमकियां दी गईं और डर का ऐसा माहौल बना कि अब घर से निकलना भी मुश्किल हो गया है। मामला सिर्फ छेड़खानी तक सीमित नहीं, बल्कि इसके पीछे और भी...

1st Bihar Published by: First Bihar Updated Apr 26, 2026, 11:06:27 AM

‘शादी करो नहीं तो'... मुजफ्फरपुर में छात्रा को बीच सड़क घेरकर छेड़खानी, एसिड अटैक की धमकी से दहशत

- फ़ोटो

Bihar News: बिहार के मुजफ्फरपुर जिले में एक छात्रा के साथ सरेराह छेड़खानी और धमकी का मामला सामने आया है, जिसने इलाके में दहशत और आक्रोश दोनों पैदा कर दिया है। अहियापुर थाना क्षेत्र के बाड़ा जगन्नाथ में नानी के घर रहकर पढ़ाई कर रही छात्रा को स्कूल से लौटते समय रास्ते में घेर लिया गया और उससे जबरन शादी करने का दबाव बनाया गया।


पीड़िता के अनुसार, बीते गुरुवार को जब वह स्कूल से घर लौट रही थी, तभी रास्ते में गांव के ही युवक शिवकुमार अपने चार साथियों के साथ उसे घेर लिया। आरोप है कि शिवकुमार ने छात्रा से कहा—“मुझसे शादी करो”, और जब उसने विरोध किया तो उसे गंभीर अंजाम भुगतने की धमकी दी गई।


छात्रा ने बताया कि आरोपी ने साफ शब्दों में कहा कि अगर उसने शादी से इनकार किया, तो उसके चेहरे पर तेजाब फेंक दिया जाएगा। इतना ही नहीं, आरोपी ने पूरे परिवार को खत्म कराने की भी धमकी दी। इस घटना के बाद छात्रा इतनी डर गई कि उसका घर से निकलना तक मुश्किल हो गया है।


पीड़िता किसी तरह घर पहुंची, लेकिन मामला यहीं खत्म नहीं हुआ। आरोप है कि अगले दिन से आरोपी लगातार फोन कर उसे परेशान करने लगा। बार-बार कॉल कर मिलने का दबाव बनाया गया और धमकी दी गई कि अगर उसने बात नहीं मानी, तो उसे और उसके भाई को रास्ते में मारकर घायल कर दिया जाएगा।


आखिरकार छात्रा ने हिम्मत जुटाई और शनिवार को अहियापुर थाने में शिकायत दर्ज कराई। मामले की पुष्टि करते हुए थानाध्यक्ष रोहन कुमार ने बताया कि एफआईआर दर्ज कर ली गई है और पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।


इसी बीच जिले से एक और चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां खुद को पुलिस अधिकारी बताकर एक छात्रा को ब्लैकमेल कर उससे पैसे ठग लिए गए। यह घटना मोतीपुर थाना क्षेत्र की है।


पीड़िता के मुताबिक, उसे एक कॉल आया जिसमें कॉलर ने खुद को पुलिस अधिकारी बताया और कहा कि उसने किसी लड़के से मोबाइल पर बातचीत की है। अगर उसने पैसे नहीं दिए, तो उस बातचीत का ऑडियो वायरल कर दिया जाएगा। इस धमकी से घबराकर छात्रा ने स्कॉलरशिप के पैसे से 63 हजार रुपये भेज दिए।


इसके बाद भी आरोपी नहीं रुके और लगातार कॉल कर पैसे की मांग करते रहे। मजबूरी में छात्रा ने एक दोस्त से 29 हजार रुपये उधार लेकर भी भेज दिए। कई दिनों तक मानसिक दबाव झेलने के बाद उसने मोतीपुर थाने में शिकायत दर्ज कराई।


पुलिस ने इस मामले में चार अलग-अलग मोबाइल नंबर धारकों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। थानाध्यक्ष ने बताया कि केस की जांच के लिए एसआई स्तर के अधिकारी को जिम्मेदारी दी गई है और तकनीकी आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है।


दोनों घटनाओं ने एक बार फिर समाज में महिलाओं और छात्राओं की सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंता खड़ी कर दी है। खुलेआम धमकी और ब्लैकमेलिंग की ये घटनाएं यह सोचने पर मजबूर करती हैं कि आखिर कब तक बेटियां इस तरह डर के साये में जीने को मजबूर रहेंगी।