Hindi News / bihar / muzaffarpur-news / Bihar News : रफ्तार का कहर: दो बड़े सड़क हादसों में पांच घायल,...

Bihar News : रफ्तार का कहर: दो बड़े सड़क हादसों में पांच घायल, चार की हालत नाजुक

मुजफ्फरपुर में शुक्रवार को दो भीषण सड़क हादसों में पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। एनएच-28 और छपरा रोड पर हुए हादसों के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

1st Bihar Published by: First Bihar Updated May 08, 2026, 9:53:30 AM

Bihar News : रफ्तार का कहर: दो बड़े सड़क हादसों में पांच घायल, चार की हालत नाजुक

- फ़ोटो

Bihar News : मुजफ्फरपुर जिले में शुक्रवार का दिन सड़क हादसों के नाम रहा। जिले के अलग-अलग राष्ट्रीय राजमार्गों पर हुए दो भीषण सड़क हादसों में कुल पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। इनमें चार की हालत नाजुक बताई जा रही है। सभी गंभीर घायलों को बेहतर इलाज के लिए श्री कृष्णा मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (SKMCH) रेफर किया गया है। हादसों के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और स्थानीय लोगों ने प्रशासन से सड़क सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग उठाई है।


एनएच-28 पर दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर

पहली घटना मनियारी थाना क्षेत्र में एनएच-28 पर ट्राइडेंट स्कूल के पास हुई। जानकारी के अनुसार, विपरीत दिशा से आ रही दो बाइकों के बीच तेज रफ्तार में सीधी भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों बाइकों के परखच्चे उड़ गए और बाइक सवार सड़क पर दूर जा गिरे।


हादसे में तीन युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय ग्रामीणों ने तुरंत घटना की सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची मनियारी थाना पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से सभी घायलों को इलाज के लिए सदर अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद दो युवकों की हालत गंभीर देखते हुए उन्हें तुरंत SKMCH रेफर कर दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हादसे के वक्त दोनों बाइक काफी तेज गति में थीं। टक्कर के बाद सड़क पर काफी देर तक चीख-पुकार मची रही। पुलिस फिलहाल घायलों की पहचान और उनके परिजनों से संपर्क करने में जुटी है।


तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवारों को रौंदा

दूसरी दर्दनाक घटना मुजफ्फरपुर-छपरा मुख्य मार्ग पर दिलेश्वर पेट्रोल पंप के पास हुई। यहां एक तेज रफ्तार अनियंत्रित ट्रक ने अपाचे बाइक पर सवार दो युवकों को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों युवक सड़क पर कई फीट तक घिसटते चले गए।


घटनास्थल पर मौजूद राहगीर साहिल ने बताया कि हादसे के बाद दोनों युवक सड़क पर बेसुध पड़े थे और उनके शरीर से काफी खून बह रहा था। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और राहगीरों की मदद से दोनों घायलों को अस्पताल भिजवाया। हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। पुलिस ने फरार ट्रक की तलाश शुरू कर दी है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। घायल युवकों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।


अस्पताल में जिंदगी और मौत से जंग

दोनों हादसों के बाद जिले के अस्पतालों में अफरा-तफरी का माहौल रहा। डॉक्टरों के अनुसार, चार घायलों की हालत बेहद गंभीर बनी हुई है और वे जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष कर रहे हैं। पुलिस ने दोनों मामलों में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।


स्थानीय लोगों का कहना है कि एनएच-28 और मुजफ्फरपुर-छपरा मार्ग पर लगातार बढ़ती तेज रफ्तार और लापरवाही के कारण आए दिन हादसे हो रहे हैं। लोगों ने प्रशासन से दुर्घटना संभावित क्षेत्रों में स्पीड कंट्रोल, ट्रैफिक मॉनिटरिंग और सख्त कार्रवाई की मांग की है।