1st Bihar Published by: First Bihar Updated Apr 22, 2026, 9:56:57 PM
जांच में जुटी पुलिस - फ़ोटो रिपोर्टर
MUZAFFARPUR:मुजफ्फरपुर जिले के सरैया थाना क्षेत्र के मरवापाकर गांव से मॉब लिंचिंग की एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। मंगलवार की रात पड़ोसी के घर में घुसे एक युवक की स्थानीय लोगों ने बेरहमी से पिटाई कर दी थी, जिसके बाद बुधवार को इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना के बाद गांव में तनाव की स्थिति को देखते हुए भारी संख्या में पुलिस बल और मजिस्ट्रेट की तैनाती की गई।
क्या है पूरा मामला?
मिली जानकारी के अनुसार, मंगलवार की रात मरवापाकर गांव का ही एक युवक अपने पड़ोसी के घर में चला गया था। परिजनों का आरोप है कि युवक को देखते ही पड़ोसियों ने उसे पकड़ लिया और 'चोरी' का आरोप लगाते हुए उसकी लाठी-डंडों से जमकर पिटाई शुरू कर दी। युवक को तब तक पीटा गया जब तक वह अधमरा नहीं हो गया। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने घायल युवक को तत्काल इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज (SKMCH) में भर्ती कराया, जहां बुधवार की दोपहर उसकी सांसें थम गईं। मृतक की पहचान 32 वर्षीय राहुल साह के रूप में हुई है।
शव के साथ प्रदर्शन और तनाव
पोस्टमार्टम के बाद जब बुधवार शाम युवक का शव गांव पहुँचा, तो परिजनों का गुस्सा फूट पड़ा। आक्रोशित परिजन और ग्रामीण शव को सीधे आरोपी के दरवाजे पर ले गए और वहीं अंतिम संस्कार करने की जिद पर अड़ गए। स्थिति बिगड़ती देख सरैया थाना की पुलिस दलबल के साथ मौके पर पहुंची। काफी मशक्कत और घंटों की समझौता वार्ता के बाद पुलिस ने परिजनों को समझा-बुझाकर शांत कराया और शव को वहां से हटवाया।
घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए मुजफ्फरपुर के एसडीओ पश्चिमी आकांक्षा आनंद और कई अधिकारी पुलिस बल के साथ गांव में कैंप कर रहे हैं। मुजफ्फरपुर एसएसपी कांतेश कुमार मिश्रा ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि मामला बेहद गंभीर है। उन्होंने कहा, "पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इस मामले में अब तक 4 मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। गांव में स्थिति फिलहाल नियंत्रण में है। एहतियात के तौर पर पुलिस और मजिस्ट्रेट की तैनाती कर दी गई है ताकि कोई अप्रिय घटना न हो।" पुलिस प्रशासन ने ग्रामीणों से शांति बनाए रखने और कानून को हाथ में न लेने की अपील की है।
REPORT: MANOJ KUMAR