1st Bihar Published by: First Bihar Updated May 03, 2026, 3:34:31 PM
- फ़ोटो
Crime News: बिहार के मुजफ्फरपुर जिले से एक बेहद चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जिसने इंसानियत को झकझोर कर रख दिया है। जैतपुर थाना क्षेत्र के खैरा गांव में एक दिव्यांग युवक को जिंदा जलाकर मार डालने का आरोप उसके ही पिता और छोटे भाई पर लगा है। इस घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत और आक्रोश का माहौल है।
मृतक की पहचान राजेश कुमार राय के रूप में हुई है, जो तीन भाइयों में सबसे बड़ा था और पैर से दिव्यांग था। बताया जा रहा है कि राजेश ने कुछ साल पहले अंतरजातीय विवाह किया था, लेकिन शादी के कुछ समय बाद ही उसकी पत्नी उसे छोड़कर चली गई थी। इसके बाद वह परिवार से अलग-थलग रहने लगा था और खैरा ब्रह्म स्थान के पास एक मड़ई बनाकर छोटी सी जनरल स्टोर की दुकान चलाता था। वहीं वह रात में सोता भी था।
ग्रामीणों के अनुसार, राजेश का अपने पिता ननकी राय और छोटे भाई के साथ लंबे समय से विवाद चल रहा था। यह विवाद मुख्य रूप से पैसों के लेन-देन और संपत्ति को लेकर बताया जा रहा है। इसी तनाव के चलते परिवार के बीच रिश्ते काफी खराब हो चुके थे।
आरोप है कि शनिवार की रात जब राजेश अपनी मड़ई में सो रहा था, तभी उसके पिता और छोटे भाई ने मिलकर इस खौफनाक वारदात को अंजाम दिया। बताया जा रहा है कि पहले उन्होंने राजेश के हाथ-पैर चारपाई से बांध दिए, ताकि वह भाग न सके। इसके बाद मड़ई में आग लगा दी गई।
कुछ ही देर में आग की लपटें तेज हो गईं। आसपास के लोगों ने धुआं और आग देखकर मौके पर पहुंचने की कोशिश की, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। आग इतनी भीषण थी कि राजेश को बचाया नहीं जा सका और उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही जैतपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और हालात का जायजा लिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए श्रीकृष्ण मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया है।
वारदात के बाद से ही आरोपी पिता और छोटा भाई घर छोड़कर फरार हैं। पुलिस उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है। मामले में हत्या, पारिवारिक विवाद और पैसों के लेन-देन समेत सभी पहलुओं से जांच की जा रही है।