1st Bihar Published by: MANOJ KUMAR Updated May 09, 2026, 7:12:42 PM
पुलिस की बड़ी कार्रवाई - फ़ोटो रिपोर्टर
MUZAFFARPUR: मुजफ्फरपुर पुलिस को अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान में बड़ी सफलता हाथ लगी है। नगर थाना क्षेत्र में वाहन जांच के दौरान पुलिस ने एक शातिर बाइक चोर को करीब एक किलोमीटर तक पीछा करने के बाद गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए आरोपी की पहचान अभिरंजन कुमार के रूप में हुई है, जो मुजफ्फरपुर जिले के सकरा थाना क्षेत्र का रहने वाला है।
पुलिस ने आरोपी के पास से चोरी की एक मोटरसाइकिल और एक मोबाइल फोन बरामद किया है। नगर डीएसपी-2 विनीता सिन्हा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि एसएसपी कांतेश कुमार मिश्रा के निर्देश पर जिले में अपराध नियंत्रण और अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष वाहन जांच अभियान चलाया जा रहा है। इसी दौरान संदिग्ध वाहनों की जांच की जा रही थी कि एक बाइक सवार पुलिस को देखकर तेज रफ्तार में भागने लगा।
संदेह होने पर पुलिस टीम ने उसका पीछा किया और करीब एक किलोमीटर तक खदेड़ने के बाद उसे पकड़ लिया। पूछताछ में खुलासा हुआ कि जिस बाइक से आरोपी भाग रहा था, वह बोचहां थाना क्षेत्र से चोरी की गई थी। आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने हाल ही में एक घर के पास से बाइक चोरी की थी। पुलिस अब बाइक के असली मालिक से संपर्क कर आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी कर रही है। गिरफ्तारी के बाद आरोपी पुलिस से माफी मांगने लगा। उसने कहा, “साहब, मुझे छोड़ दीजिए। मैं सिर्फ 5 हजार रुपये के लिए यह काम करता हूं।”
आरोपी ने बताया कि वह वर्ष 2023 में वैशाली जिले के पातेपुर थाना क्षेत्र में बाइक चोरी के मामले में जेल जा चुका है। जेल से बाहर आने के बाद उसे कोई काम नहीं मिला, जिसके कारण वह दोबारा चोरी की घटनाओं में शामिल हो गया। उसने यह भी स्वीकार किया कि वह बाइक के अलावा मोबाइल और अन्य कीमती सामान चोरी कर कम दामों में बेच देता था।
पुलिस के अनुसार, अभिरंजन एक आदतन अपराधी है। मुजफ्फरपुर, वैशाली और आसपास के जिलों से उसका आपराधिक रिकॉर्ड मंगवाया जा रहा है। पुलिस अब उसके गिरोह के अन्य सदस्यों और चोरी का सामान खरीदने वाले लोगों की भी तलाश में जुटी है।