1st Bihar Published by: First Bihar Updated Apr 08, 2026, 2:51:04 PM
- फ़ोटो
Bihar News: बिहार के मुजफ्फरपुर जिले में अपराधियों ने एक बार फिर शातिराना अंदाज में लूट की घटना को अंजाम दिया है। अहियापुर थाना क्षेत्र में ई-रिक्शा चालक को नशीला पदार्थ मिलाकर गन्ने का जूस पिलाया गया और फिर उसे बेहोश कर उसकी मेहनत की कमाई व वाहन लूट लिया गया।
जानकारी के अनुसार, अहियापुर थाना क्षेत्र के शेखपुर निवासी ई-रिक्शा चालक विजय कुमार राय रोज की तरह सवारी लेकर निकले थे। इसी दौरान गरहां इलाके में कुछ अज्ञात बदमाशों ने उनसे ई-रिक्शा किराए पर लिया। शुरुआत में सब कुछ सामान्य लगा, लेकिन कुछ दूरी आगे बढ़ने के बाद बदमाशों ने अपनी असली साजिश को अंजाम देना शुरू किया।
रास्ते में बदमाशों ने चालक को विश्वास में लेकर गन्ने का जूस पिलाया, जिसमें पहले से ही नशीला पदार्थ मिलाया गया था। जूस पीते ही विजय कुमार राय की हालत बिगड़ने लगी और कुछ ही देर में वह बेहोश हो गए। इसके बाद बदमाशों ने मौके का फायदा उठाते हुए उनकी ई-रिक्शा, करीब 5500 रुपये नकद और मोबाइल फोन लूट लिया।
वारदात को अंजाम देने के बाद अपराधियों ने चालक को जीरोमाइल इलाके में सड़क किनारे फेंक दिया और फरार हो गए। काफी देर बाद जब स्थानीय लोगों की नजर बेहोश पड़े विजय पर पड़ी, तब उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया, जहां इलाज के बाद उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है।
होश में आने के बाद विजय कुमार राय ने पूरी घटना की जानकारी पुलिस को दी। पीड़ित के बयान के आधार पर अहियापुर थाना में अज्ञात बदमाशों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली गई है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं, ताकि आरोपियों की पहचान कर उन्हें जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जा सके।
इस घटना ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर दिया है कि अपराधी किस तरह आम लोगों को निशाना बनाकर नई-नई तरकीबों से वारदात को अंजाम दे रहे हैं।