1st Bihar Published by: MANOJ KUMAR Updated Apr 29, 2026, 10:24:30 AM
- फ़ोटो Reporter
Bihar News: बिहार के मुजफ्फरपुर जिले से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, हमीदपुर गांव में एक अजीबोगरीब शादी की घटना ने पूरे इलाके में चर्चा छेड़ दी है जहां एक ओर घर में मटकोर और शादी की रस्में चल रही थी और मेहमानों की चहल पहल थी वही दूसरी ओर अचानक दूल्हे के गायब होने से सन्नाटा पसर गया।
जानकारी के अनुसार, 24 वर्षीय जितेंद्र कुमार हरियाणा की एक फैक्ट्री में काम करता था और अपनी शादी के लिए ही गांव लौटा था। 25 अप्रैल को घर में मटकोर की रस्में चल रही थीं। सुबह करीब 6 बजे जितेंद्र घर से निकला। सुबह 7:30 बजे उसने परिजनों को फोन कर बताया कि वह बाजार में है। कुछ देर बाद उसने फिर कॉल किया और कहा कि वह बोचहां के एक बैंक से पैसे निकालने आया है और जल्द लौट आएगा। लेकिन इसके बाद उसका मोबाइल स्विच ऑफ हो गया और वह वापस नहीं लौटा।
इस मामले में नया मोड़ तब आया जब लापता जितेंद्र की बहन गुड़िया कुमारी ने होने वाली 'भाभी' (दुल्हन) पर गंभीर आरोप लगाए। गुड़िया का कहना था कि "लड़की मेरे भाई से लगातार बात करती थी। उसने कुछ दिन पहले कहा था कि वह इस शादी के खिलाफ है। उसने समय मांगा था।परिवार को पूरा शक है कि उसी ने साजिश के तहत भाई को बुलाकर कहीं गायब कर दिया है।
हैरान करने वाली बात यह रही कि जहाँ एक तरफ दूल्हे के परिजन उसे ढूंढने के लिए दर-दर भटक रहे थे, वहीं दूसरी तरफ लड़की वालों ने जरा भी इंतजार नहीं किया। दूल्हे के घर पर बैंड-बाजा और शादी का भोज धरा का धरा रह गया, और लड़की के परिजनों ने आनन-फानन में उसकी शादी किसी दूसरे लड़के से कर दी। इस फैसले ने मामले को और संदिग्ध बना दिया है। लड़की वालों की यह जल्दबाजी अब पुलिस की जांच का मुख्य केंद्र बन गई है।
परिजनों ने गरहां थाने में अपहरण की आशंका जताते हुए मामला दर्ज कराया है। गांव में इस घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं व्याप्त हैं। पुलिस जितेंद्र के मोबाइल नंबर का कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR) खंगाल रही है। लोकेशन के आधार पर जांच में जुटी है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि आखिरी बार उसकी बात किससे हुई थी और उसका अंतिम लोकेशन कहां था।
गरहां थाना पुलिस का कहना है कि मोबाइल लोकेशन और कॉल डिटेल्स के आधार पर जल्द ही इस मामले का खुलासा कर दिया जाएगा। फिलहाल गाँव मे तरह तरह की चर्चाएं हैं क्या दूल्हा खुद शादी से भागा या किसी साजिस का शिकार हुए? इस सवाल का जबाब पुलिज़ जांच के बाद ही सामने आएगा।
रिपोर्ट- मनोज कुमार, मुजफ्फरपुर