1st Bihar Published by: FIRST BIHAR Updated Apr 23, 2026, 10:33:17 AM
- फ़ोटो Reporter
Bihar News: मुंगेर में बीती देर रात परिवहन विभाग की कथित मनमानी के खिलाफ ड्राइवरों ने मोर्चा खोल दिया और सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन किया। ड्राइवरों ने आरोप लगाया कि पासिंग के नाम पर पैसे नहीं देने पर एक ही दिन में दो-दो बार चालान काट दिया जाता है, जिससे उनका आर्थिक शोषण हो रहा है।
यह घटना मुंगेर जिला अंतर्गत तेलिया तालाब के पास उस समय हुई जब वाहन चालकों का गुस्सा फूट पड़ा और उन्होंने मुख्य मार्ग को जाम कर दिया। जाम की सूचना मिलते ही स्थानीय थाना पुलिस मौके पर पहुंची और प्रदर्शनकारी ड्राइवरों को समझा-बुझाकर स्थिति को शांत कराया, जिसके बाद जाम हटाया गया।
ड्राइवरों का कहना है कि परिवहन विभाग के कर्मियों द्वारा पासिंग के नाम पर अवैध वसूली की जा रही है। उनका आरोप है कि यदि वे पैसे नहीं देते हैं तो एक ही दिन में दो बार चालान काट दिया जाता है, जिससे उनकी आर्थिक स्थिति और खराब हो रही है।
घटना के बाद भी परिवहन विभाग की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। हालांकि इस तरह की शिकायतें पहले भी सामने आती रही हैं, जिससे ड्राइवरों में लगातार नाराजगी देखी जा रही है।