Hindi News / bihar / munger-news / Bihar Crime News : बेटी के अपहरण केस का विरोध पड़ा भारी? ईंट-भट्ठे...

Bihar Crime News : बेटी के अपहरण केस का विरोध पड़ा भारी? ईंट-भट्ठे पर सो रहे पिता के सिर में मारी गोली, मुंगेर हत्याकांड से सनसनी

मुंगेर में ईंट-भट्ठे पर ड्यूटी कर रहे नाइट गार्ड सुबोध यादव की देर रात सिर में गोली मारकर हत्या कर दी गई। शुरुआती जांच में पुलिस इस वारदात का संबंध उनकी बेटी के अपहरण केस से जुड़े विवाद से जोड़कर देख रही है। दो संदिग्धों से पूछताछ जारी है।

1st Bihar Published by: First Bihar Updated Jul 16, 2026, 9:34:10 AM

Bihar Crime News : बेटी के अपहरण केस का विरोध पड़ा भारी? ईंट-भट्ठे पर सो रहे पिता के सिर में मारी गोली, मुंगेर हत्याकांड से सनसनी

- फ़ोटो

मुंगेर: बिहार के मुंगेर जिले में एक नाइट गार्ड की गोली मारकर हत्या किए जाने की सनसनीखेज घटना ने पूरे इलाके में हड़कंप मचा दिया है। सफियासराय थाना क्षेत्र के डकरा सतखजुरिया गांव स्थित एक ईंट-भट्ठे पर ड्यूटी कर रहे 45 वर्षीय सुबोध कुमार यादव की बुधवार देर रात सिर में गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में इस हत्याकांड का संबंध मृतक की बेटी के कथित अपहरण के मामले से जुड़ता दिखाई दे रहा है, हालांकि पुलिस ने साफ किया है कि अभी किसी एक कारण पर पहुंचना जल्दबाजी होगी और सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है।

चारपाई पर सो रहे थे नाइट गार्ड, तभी पहुंच गए बदमाश

जानकारी के अनुसार, सुबोध कुमार यादव डकरा नाला स्थित राजा ईंट-भट्ठा पर नाइट गार्ड के रूप में कार्यरत थे। रोज की तरह बुधवार रात भी वह ड्यूटी के दौरान भट्ठे परिसर में चारपाई पर सो रहे थे। इसी बीच देर रात अज्ञात बदमाश वहां पहुंचे और बेहद नजदीक से उनके सिर में गोली मार दी। गोली लगते ही उनकी मौके पर ही मौत हो गई। वारदात को अंजाम देने के बाद हमलावर अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए।

सुबह घटना की जानकारी मिलते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद सफियासराय थाना की टीम तत्काल घटनास्थल पर पहुंची। कुछ ही देर बाद पुलिस अधीक्षक सैयद इमरान मसूद भी मौके पर पहुंचे और जांच का जायजा लिया।

एफएसएल टीम ने जुटाए वैज्ञानिक साक्ष्य

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। वहीं, फॉरेंसिक साइंस लैब (एफएसएल) की टीम ने घटनास्थल से महत्वपूर्ण वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए। पुलिस घटनास्थल से मिले हर सुराग को खंगाल रही है ताकि हत्या की गुत्थी जल्द सुलझाई जा सके।अधिकारियों का कहना है कि घटनास्थल की बारीकी से जांच की जा रही है और तकनीकी साक्ष्यों के साथ-साथ स्थानीय लोगों से भी पूछताछ की जा रही है।

बेटी के अपहरण केस से जुड़ रहा हत्या का एंगल

पुलिस की प्रारंभिक जांच में एक महत्वपूर्ण तथ्य सामने आया है। बताया गया कि 29 मई को सुबोध यादव की बेटी के कथित अपहरण का मामला सफियासराय थाना में दर्ज कराया गया था। इस मामले में पुलिस पहले ही एक नामजद आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है।

स्थानीय लोगों का आरोप है कि अपहरण का केस वापस लेने के लिए मृतक और उसके परिवार पर लगातार दबाव बनाया जा रहा था। चर्चा है कि इसी विवाद के चलते सुबोध यादव की हत्या की गई। हालांकि पुलिस ने अभी इस दावे की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है और इसे जांच का एक अहम एंगल मानकर आगे बढ़ रही है।

दो संदिग्ध हिरासत में, कई बिंदुओं पर जांच

पुलिस ने इस मामले में दो संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। जांच एजेंसियां सिर्फ अपहरण मामले के विवाद तक ही सीमित नहीं हैं, बल्कि प्रेम प्रसंग, पुरानी रंजिश, व्यक्तिगत विवाद और अन्य संभावित कारणों की भी पड़ताल कर रही हैं। पुलिस अधिकारियों का मानना है कि जांच पूरी होने और वैज्ञानिक साक्ष्यों की रिपोर्ट आने के बाद ही हत्या के पीछे की असली वजह स्पष्ट हो सकेगी।

एसपी ने क्या कहा?

मुंगेर के पुलिस अधीक्षक सैयद इमरान मसूद ने बताया कि डकरा नाला स्थित ईंट-भट्ठे पर कार्यरत नाइट गार्ड सुबोध यादव की गोली मारकर हत्या की गई है। प्रथम दृष्टया बेटी के अपहरण मामले से जुड़े विवाद की भी जांच की जा रही है। एफएसएल टीम घटनास्थल से साक्ष्य जुटा रही है और दो लोगों से पूछताछ की जा रही है। दोषियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।

फिलहाल इस हत्या ने पूरे इलाके में दहशत का माहौल बना दिया है। अब सभी की नजर पुलिस जांच पर टिकी है कि आखिर सुबोध यादव की हत्या के पीछे असली वजह क्या थी और इस सनसनीखेज वारदात को अंजाम देने वाले अपराधी कब तक कानून के शिकंजे में आते हैं।