Hindi News / bihar / munger-news / सम्राट चौधरी के CM बनने पर गांव और परिवार में खुशी की लहर,...

सम्राट चौधरी के CM बनने पर गांव और परिवार में खुशी की लहर, भाभी अमृता चौधरी बोलीं..अब और ज्यादा विकास होगा

सम्राट चौधरी के मुख्यमंत्री बनने की घोषणा के बाद मुंगेर के लखनपुर गांव में उनके परिवार और ग्रामीणों ने रंग-गुलाल, आतिशबाजी और मिठाइयों के साथ जश्न मनाया। सम्राट चौधरी की भाभी अमृता चौधरी भी देवर के सीएम बनने से काफी खुश नजर आईं।

1st Bihar Published by: First Bihar Updated Apr 14, 2026, 9:16:17 PM

बिहार न्यूज

सम्राट युग की शुरुआत - फ़ोटो रिपोर्टर

MUNGER: सम्राट चौधरी को सर्वसम्मति से विधायक दल का नेता चुने जाने और बिहार के मुख्यमंत्री पद के लिए उनके नाम पर मुहर लगने के बाद उनके परिवार और ग्रामीणों में खुशी का माहौल है।


मुंगेर जिले के तारापुर अनुमंडल स्थित लखनपुर गांव में उनके आवास पर जश्न मनाया गया। इस खास मौके पर परिवार की महिलाओं, खासकर उनकी भाभियों ने एक-दूसरे को रंग-गुलाल लगाकर खुशी जाहिर की। वहीं ग्रामीणों ने आतिशबाजी की और मिठाइयां बांटकर उत्सव मनाया।


विधायक दल का नेता चुने जाने और मुख्यमंत्री बनने की घोषणा के बाद लखनपुर गांव में सम्राट चौधरी के घर पर जश्न का माहौल देखने को मिला। परिवार और गांव के लोगों ने मिलकर खुशी का इजहार किया। ढोल-नगाड़ों के बीच रंग-गुलाल उड़ाए गए और पटाखे फोड़े गए।


इस दौरान सम्राट चौधरी की भाभी अमृता चौधरी ने कहा कि जैसे ही उनके देवर को बिहार का मुख्यमंत्री बनाए जाने की खबर मिली, पूरा परिवार खुशी से झूम उठा। उन्होंने बताया कि परिवार के साथ-साथ पूरे गांव में हर्ष और उल्लास का माहौल है। लोग जश्न मना रहे हैं, मिठाइयां बांट रहे हैं और आतिशबाजी कर अपनी खुशी का इजहार कर रहे हैं। 


वही परबत्ता विधानसभा क्षेत्र में भी जश्न का माहौल देखने को मिल रहा है। बता दें कि परबत्ता वही विधानसभा क्षेत्र है, जहां से सम्राट चौधरी ने वर्ष 2000 में राष्ट्रीय जनता दल के टिकट पर पहली बार चुनाव जीतकर विधायक बने थे। इसके बाद वर्ष 2010 के विधानसभा चुनाव में भी उन्होंने इसी सीट से जीत दर्ज की थी।


परबत्ता के महाद्दीपु गांव से उनका विशेष जुड़ाव रहा है। ऐसे में उनके समर्थक और ग्रामीण ढोल-नगाड़ों के साथ जश्न मना रहे हैं। लोग एक-दूसरे को अबीर-गुलाल लगाकर और आतिशबाजी कर अपनी खुशी का इजहार कर रहे हैं। पूरे इलाके में होली और दिवाली जैसा उत्सव नजर आ रहा है।


बताया जा रहा है कि नीतीश कुमार के मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देने के बाद बीजेपी विधायक दल और एनडीए विधायक दल की बैठक में सम्राट चौधरी के नाम पर मुहर लगी। इसके साथ ही उनके मुख्यमंत्री बनने का रास्ता साफ हो गया। 


सम्राट चौधरी की अगुवाई में नई सरकार बुधवार सुबह 11 बजे लोक भवन (राजभवन) में शपथ लेगी। इस खबर के सामने आते ही पूरे बिहार में जश्न का माहौल बन गया है। सतुआनी के दिन ही लोग होली और दिवाली की तरह खुशी मना रहे हैं, मिठाइयां बांट रहे हैं और आतिशबाजी कर रहे हैं। समर्थकों का कहना है कि बिहार को एक युवा मुख्यमंत्री मिला है, जिससे वे बेहद उत्साहित हैं और उन्हें उम्मीद है कि इससे राज्य के विकास को नई दिशा मिलेगी।