1st Bihar Published by: First Bihar Updated Apr 26, 2026, 10:21:47 PM
जांच में जुटी पुलिस - फ़ोटो रिपोर्टर
MUNGER:मुंगेर शहर के आस्था के प्रमुख केंद्र बड़ा महावीर मंदिर में चोरी की घटना से श्रद्धालुओं की भावनाओं को गहरा आघात पहुंचा है। शनिवार देर रात चोरों ने मंदिर में घुसकर भगवान की प्रतिमाओं से चांदी के मुकुट चुरा लिए। पूरी वारदात मंदिर में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।
जानकारी के अनुसार, देर रात चोर मुख्य गेट फांदकर मंदिर परिसर में दाखिल हुए। इसके बाद वे गर्भगृह तक पहुंच गए और भगवान बजरंगबली, भगवान श्रीराम और लक्ष्मण की प्रतिमाओं के सिर पर सजे चांदी के मुकुट चोरी कर लिए।
रविवार सुबह जब मंदिर के महंत धनश्याम दास पूजा के लिए पहुंचे, तो प्रतिमाओं से मुकुट गायब देखकर हैरान रह गए। देखते ही देखते मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की भीड़ जुट गई और लोगों में आक्रोश फैल गया।घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
सीसीटीवी फुटेज में साफ देखा जा सकता है कि रात करीब 1:30 बजे चोर मंदिर में घुसता है, पहले दरवाजा तोड़ने की कोशिश करता है और फिर बगल के दरवाजे से अंदर जाकर चोरी की वारदात को अंजाम देता है। महंत के बयान के आधार पर अज्ञात चोरों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीन संदिग्धों को हिरासत में लिया है और उनसे पूछताछ जारी है।
इस घटना के बाद श्रद्धालुओं में भारी नाराजगी है। लोगों ने प्रशासन से जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी और मंदिर की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है। फिलहाल पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी है और जल्द खुलासे की उम्मीद जताई जा रही है।