1st Bihar Published by: FIRST BIHAR Updated Apr 21, 2026, 10:42:33 AM
फिर गरजा प्रशासन का बुलडोजर - फ़ोटो Reporter
Bihar News: मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के गृह जिला मुंगेर में अतिक्रमण पर प्रशासन ने सख्त रूख अपना लिया है। जिला प्रशासन ने हवेली खड़गपुर और जमालपुर में अतिक्रमण के खिलाफ बड़े पैमाने पर अभियान चलाया। इस कार्रवाई में बुलडोजर, जुर्माना वसूली और सामान जब्ती से अतिक्रमणकारियों में हड़कंप मच गया है।
हवेली खड़गपुर नगर परिषद की ओर से अंबेडकर चौक से नंदलाल बसु चौक तक अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया। मुख्य बाजार समेत कई क्षेत्रों में सड़क किनारे बने अवैध ढांचों को बुलडोजर से हटाया गया। इस दौरान दर्जनों दुकानदारों से करीब 11 हजार रुपये का जुर्माना वसूला गया और कई का सामान भी जब्त किया गया।
नगर परिषद की टीम ने लोहे-टीन के शेड, अस्थायी दुकानें, चौकियां, बोर्ड और सड़क पर बनी अवैध संरचनाओं को हटाया। काली मंदिर चौक, एकता पार्क और कठरा मार्केट जैसे इलाकों में भी कार्रवाई की गई। अधिकारियों के अनुसार, लगातार शिकायतों और चेतावनी के बावजूद अतिक्रमण नहीं हटाया गया था, जिसके बाद यह कदम उठाया गया।
इसी तरह जमालपुर में भी जिला प्रशासन के निर्देश पर विशेष अभियान चलाया गया। जुबली वेल चौक से शुरू होकर यह कार्रवाई स्टेशन रोड, बराट मोड़, जनता मोड़ होते हुए गेट नंबर 6 तक पहुंची। इस दौरान सड़क और नालों पर किए गए अतिक्रमण को हटाया गया।
कार्रवाई के दौरान कई स्थानों पर स्थानीय लोगों के साथ हल्की नोकझोंक भी हुई, जिसे नियंत्रित करने के लिए प्रशासन को हल्का बल प्रयोग करना पड़ा। अवैध सामान जब्त किए गए और कई लोगों से जुर्माना भी वसूला गया। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अतिक्रमण के खिलाफ यह अभियान आगे भी जारी रहेगा, ताकि शहर में यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाया जा सके और जाम की समस्या से राहत मिले।