1st Bihar Published by: FIRST BIHAR Updated May 19, 2026, 9:21:22 PM
प्रतिकात्मक तस्वीर - फ़ोटो Google
Bihar News: बिहार के मधुबनी जिले के मधेपुर प्रखंड में प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी (बीईओ) मरजीना खातुन को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। उन पर बच्चों के विद्यालय परित्याग प्रमाण-पत्र (टीसी) पर प्रतिहस्ताक्षर करने के बदले अवैध राशि लेने का गंभीर आरोप है।
शिक्षा विभाग के निदेशक (प्रशासन) मनोरंजन कुमार के हस्ताक्षर से जारी आदेश में यह कार्रवाई की गई है। यह कदम मधुबनी के जिला शिक्षा पदाधिकारी की स्थलीय जांच रिपोर्ट के आधार पर उठाया गया।
जानकारी के अनुसार, बीईओ मरजीना खातुन का एक वीडियो वायरल हुआ था, जिसमें उन पर टीसी पर हस्ताक्षर के बदले पैसे लेने के आरोप लगाए गए थे। वीडियो सामने आने के बाद शिक्षा विभाग ने मामले की जांच कराई। जांच के दौरान पाया गया कि प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी अपने सरकारी कार्यालय के बजाय आवास से ही कार्यालय का संचालन कर रही थीं। टीम ने छात्रों और अभिभावकों के बयान भी दर्ज किए, जिसमें पैसे लेने की पुष्टि हुई।
जिला शिक्षा पदाधिकारी की रिपोर्ट में यह भी सामने आया कि विभागीय नियमों के विपरीत कार्य किया जा रहा था। शिक्षा विभाग ने इसे बिहार सरकारी सेवक आचार नियमावली के तहत गंभीर अनुशासनहीनता माना है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए बिहार सरकारी सेवक (वर्गीकरण, नियंत्रण एवं अपील) नियमावली, 2005 के नियम-9(1) के तहत मरजीना खातुन को निलंबित किया गया है। निलंबन अवधि में उनका मुख्यालय दरभंगा स्थित क्षेत्रीय शिक्षा उप निदेशक कार्यालय निर्धारित किया गया है। शिक्षा विभाग ने संकेत दिया है कि जांच के आधार पर आगे और भी विभागीय कार्रवाई की जा सकती है।