1st Bihar Published by: First Bihar Updated May 11, 2026, 6:12:23 PM
इलाके में मचा हड़कंप - फ़ोटो सोशल मीडिया
MADHEPURA: मधेपुरा जिले के बिहारीगंज नगर पंचायत स्थित मुसहरी टोला वार्ड संख्या-13 में दिनदहाड़े हुई ताबड़तोड़ फायरिंग से इलाके में दहशत फैल गई। घटना बिहारीगंज थाना से महज 200 मीटर की दूरी पर हुई, जिससे पुलिस गश्ती और सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठने लगे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल से तीन खोखा तथा दो बाइक बरामद कर जांच शुरू कर दी।
पीड़ित अमित ऋषिदेव ने आरोप लगाया कि मधुकरचक निवासी छोटू यादव करीब छह बाइक पर सवार 10 लोगों के साथ उसके घर पहुंचा। आरोप है कि सभी लोगों ने पहले उसके साथ मारपीट की और फिर शराब बेचने को लेकर दबाव बनाने लगे। विरोध करने पर आरोपितों ने जान मारने की नीयत से 5 से 6 राउंड फायरिंग कर दी।
दिनदहाड़े हुई गोलीबारी से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। लोग डर के कारण अपने-अपने घरों में छिप गए। पीड़ित के अनुसार, वह और उसके परिजन किसी तरह जान बचाकर वहां से भागे। इसी दौरान शोर सुनकर आसपास के लोग जुटने लगे, जिसके बाद आरोपित अपनी दो बाइक मौके पर छोड़कर फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही बिहारीगंज थाना अध्यक्ष कृष्ण कुमार सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आसपास के लोगों से पूछताछ की। मौके से तीन खोखा बरामद किए गए हैं। थाना अध्यक्ष ने बताया कि इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। आवेदन मिलने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
स्थानीय लोगों का कहना है कि घटना के पीछे शराब कारोबार और लेनदेन का विवाद बताया जा रहा है। ग्रामीणों के मुताबिक, दोनों पक्षों के बीच पहले भी कई बार विवाद और मारपीट हो चुकी है। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।