Hindi News / bihar / lakhisarai-news / लखीसराय में दर्दनाक सड़क हादसा: अनियंत्रित बाइक गड्ढे में गिरी, एक युवक की...

लखीसराय में दर्दनाक सड़क हादसा: अनियंत्रित बाइक गड्ढे में गिरी, एक युवक की मौत; दो साथी गंभीर घायल

Bihar News: लखीसराय के किरणपुर-मानिकपुर पथ पर हुए दर्दनाक सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। तेज रफ्तार बाइक के अनियंत्रित होकर गड्ढे में गिरने से यह हादसा हुआ। पुलिस मामले की जांच कर...

1st Bihar Published by: First Bihar Updated May 11, 2026, 3:29:01 PM

लखीसराय में दर्दनाक सड़क हादसा: अनियंत्रित बाइक गड्ढे में गिरी, एक युवक की मौत; दो साथी गंभीर घायल

- फ़ोटो

Bihar News: बिहार के लखीसराय जिले में सोमवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि उसके दो साथी गंभीर रूप से घायल हो गए। यह हादसा मानिकपुर थाना क्षेत्र के किरणपुर-मानिकपुर मार्ग पर हुआ, जहां तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गहरे गड्ढे में जा गिरी। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई।


मृतक की पहचान मेदनीचौकी निवासी 35 वर्षीय शिवनंदन शर्मा के रूप में हुई है। वहीं हादसे में घायल हुए दो अन्य युवकों की पहचान पंकज कुमार और सिंटू कुमार के रूप में की गई है। बताया जा रहा है कि तीनों युवक एक ही बाइक पर सवार होकर मानिकपुर से अपने गांव लौट रहे थे।


जानकारी के मुताबिक, जैसे ही बाइक रामू बाबा स्थान के आगे बरगद पेड़ के पास पहुंची, चालक का बाइक से नियंत्रण अचानक बिगड़ गया। तेज रफ्तार होने के कारण बाइक सीधे सड़क किनारे बने गहरे गड्ढे में जा गिरी। हादसा इतना जोरदार था कि तीनों युवक दूर जाकर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए।


घटना की सूचना मिलते ही मेदनीचौकी थाना पुलिस और डायल-112 की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को तुरंत सूर्यगढ़ा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। वहां प्राथमिक इलाज के बाद तीनों को बेहतर उपचार के लिए सदर अस्पताल लखीसराय रेफर कर दिया गया।


सदर अस्पताल में मौजूद डॉक्टर शाहिद वसीम ने बताया कि शिवनंदन शर्मा की अस्पताल पहुंचने से पहले ही रास्ते में मौत हो चुकी थी। वहीं अन्य दोनों घायलों का इलाज जारी है और उनकी हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है।