1st Bihar Published by: First Bihar Updated Jun 16, 2026, 10:44:07 AM
- फ़ोटो
Bihar Road Accident: बिहार के किशनगंज जिले से एक दर्दनाक सड़क हादसे की खबर सामने आई है. बहादुरगंज-ठाकुरगंज एनएच-327ई पर सालगुड़ी गांव के पास एक कार और ट्रैक्टर-ट्रॉली की जोरदार टक्कर हो गई. इस हादसे में एक ही परिवार के सात लोग घायल हो गए, जिसमें तीन मासूम बच्चे भी शामिल हैं. हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई.
बताया जा रहा है कि अररिया जिले का एक परिवार छुट्टी मनाने और घूमने के लिए कार से सिलीगुड़ी जा रहा था. परिवार के लोग खुशी-खुशी सफर पर निकले थे, लेकिन ठाकुरगंज इलाके में पहुंचते ही उनका सफर हादसे में बदल गया.
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार अपने रास्ते पर आगे बढ़ रही थी. इसी दौरान आगे चल रहे एक ट्रैक्टर-ट्रॉली चालक ने अचानक सड़क के बीचों-बीच ब्रेक लगा दिया. पीछे चल रही कार चालक को संभलने का मौका नहीं मिला और कार तेज रफ्तार में ट्रॉली के पिछले हिस्से से जा टकराई.
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया. कार के अंदर बैठे बच्चे और परिवार के सदस्य घायल हो गए. हादसे के बाद आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर बचाव कार्य शुरू किया.
स्थानीय ग्रामीणों ने मानवता दिखाते हुए कार में फंसे घायलों को बाहर निकाला. लोगों ने काफी मशक्कत के बाद सभी घायलों को कार से बाहर निकाला और इलाज के लिए ठाकुरगंज के नियाज हॉस्पिटल पहुंचाया.
हादसे में चार वयस्क और तीन बच्चे घायल हुए हैं. अस्पताल पहुंचने के बाद डॉक्टरों की टीम ने सभी घायलों का प्राथमिक इलाज शुरू किया. डॉक्टरों के अनुसार, तीन लोगों की हालत ज्यादा गंभीर थी, जिन्हें बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है. वहीं बाकी घायलों का इलाज स्थानीय अस्पताल में चल रहा है.
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंची. पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाकर यातायात व्यवस्था सामान्य कराई. कुछ समय के लिए हाईवे पर वाहनों की आवाजाही प्रभावित रही, जिससे दोनों तरफ जाम की स्थिति बन गई.