Hindi News / bihar / katihar-news / कटिहार में अपराधियों का तांडव जारी, लूटपाट का विरोध करने पर पैर...

कटिहार में अपराधियों का तांडव जारी, लूटपाट का विरोध करने पर पैर में मारी गोली

बताया जाता है कि सुनसान बांध वाले रास्तों पर शाम होते ही अपराधियों और नशेड़ियों का जमावड़ा लगा रहता है. जो नशा करने के लिए लोगों को अपना निशाना बनाते हैं, उनसे लूटपाट करते हैं। जो सुरक्षा व्यवस्था पर बड़ा सवाल खड़ा कर रहा है।

1st Bihar Published by: First Bihar Updated Apr 13, 2026, 10:15:26 PM

बिहार न्यूज

जांच में जुटी पुलिस - फ़ोटो सोशल मीडिया

KATIHAR: सीमावर्ती इलाकों में अपराधियों के हौसला इस कदर बुलंद हैं कि अब राह चलना भी दूभर हो गया है। ताजा मामला रोशना थाना क्षेत्र के गौरीपुर बांध का है, जहाँ सोमवार की शाम बेखौफ अपराधियों ने लूटपाट का विरोध करने पर एक 20 वर्षीय युवक को गोली मार दी। घायल युवक अस्पताल में जिन्दगी और मौत के बीच जूझ रहा है। घटना को अंजाम देने के बाद अपराधी मौके से फरार हो गये। 


घायल युवक की पहचान अहमदाबाद थाना क्षेत्र के सूरापुर निवासी 20 वर्षीय राजेश कुमार यादव के रूप में हुई है। राजेश अपनी नानी के घर गौरीपुर आया हुआ था। सोमवार शाम वह एक ठेकेदार से अपने बकाया पैसे लेकर बाइक से लौट रहा था। जैसे ही वह गौरीपुर बांध के सुनसान रास्ते पर पहुँचा, पहले से घात लगाकर बैठे दो नकाबपोश बदमाशों ने उसे घेर लिया।


हथियार के बल पर बदमाशों ने राजेश से पैसे और मोबाइल छीनने की कोशिश की। जब राजेश ने दबंगई दिखाते हुए इसका कड़ा विरोध किया और वहाँ से भागने की कोशिश की तब अपराधियों ने फायरिंग कर दी। गोली राजेश की बाएं जांघ में जा लगी और अंदर ही जाकर फंस गई। 


गोली लगने के बावजूद राजेश ने हिम्मत नहीं हारी। वह खून से लथपथ हालत में ही बाइक स्टार्ट कर वहाँ से भाग निकला और सीधे नाना के घर पहुँच गया। जिसके बाद परिजनों ने आनन-फानन में उसे स्थानीय उप स्वास्थ्य केंद्र पहुँचाया, जहाँ से प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसे सदर अस्पताल रेफर कर दिया। फिलहाल राजेश की स्थिति गंभीर बनी हुई है और डॉक्टर उसकी जांघ में फंसी गोली निकालने की कोशिश कर रहे हैं।


बताया जाता है कि सुनसान बांध वाले रास्तों पर शाम होते ही अपराधियों और नशेड़ियों का जमावड़ा लगा रहता है. जो नशा करने के लिए लोगों को अपना निशाना बनाते हैं, उनसे लूटपाट करते हैं। जो सुरक्षा व्यवस्था पर बड़ा सवाल खड़ा कर रहा है। लोग पुलिस से यह सवाल कर रहे हैं कि क्या आम आदमी अब अपनी मेहनत की कमाई लेकर सुरक्षित घर भी नहीं लौट सकता?