Hindi News / bihar / kaimur-news / Bihar Crime News : कैमूर में सीरियल मर्डर का शक! 48 घंटे में...

Bihar Crime News : कैमूर में सीरियल मर्डर का शक! 48 घंटे में दूसरी बार दो बोरों में मिले इंसानी अंग, पुलिस के उड़े होश

कैमूर के रामगढ़ में दो बोरों में महिला और पुरुष के कटे हुए अंग मिलने से सनसनी फैल गई है। 48 घंटे के भीतर दूसरी बार मानव अंग मिलने से इलाके में दहशत है। पुलिस हत्या और शवों की पहचान की गुत्थी सुलझाने में जुटी है।

1st Bihar Published by: First Bihar Updated May 13, 2026, 8:26:17 AM

Bihar Crime News : कैमूर में सीरियल मर्डर का शक! 48 घंटे में दूसरी बार दो बोरों में मिले इंसानी अंग, पुलिस के उड़े होश

- फ़ोटो

Bihar Crime News : कैमूर जिले में लगातार मिल रहे मानव अंगों ने पूरे इलाके में दहशत फैला दी है। रविवार को दो शवों के टुकड़े मिलने की घटना अभी लोगों के जहन से उतरी भी नहीं थी कि मंगलवार देर शाम रामगढ़ थाना क्षेत्र से फिर एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आ गई। अभैदे नहर के समीप दो अलग-अलग प्लास्टिक के बोरों में महिला और पुरुष के क्षत-विक्षत अंग मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोगों की भारी भीड़ मौके पर जुट गई, जबकि पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया।


प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोनों बोरे एक-दूसरे से करीब सौ मीटर की दूरी पर फेंके गए थे। जब ग्रामीणों ने संदिग्ध हालत में पड़े बोरों को देखा तो इसकी सूचना तुरंत रामगढ़ थाना पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने जब बोरे खोले तो उसमें इंसानी शरीर के कटे हुए हिस्से मिले। प्रारंभिक जांच में यह आशंका जताई जा रही है कि अंग एक महिला और एक पुरुष के हो सकते हैं। हालांकि दोनों शवों के सिर गायब बताए जा रहे हैं, जिससे पहचान करना बेहद मुश्किल हो गया है।


घटना की गंभीरता को देखते हुए कैमूर एसपी हरिमोहन शुक्ला, मोहनिया डीएसपी और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने पूरे इलाके को घेरकर जांच शुरू कर दी है। आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है और नहर किनारे के रास्तों की भी बारीकी से छानबीन की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि ये कटे हुए अंग हाल ही में मिले शवों से जुड़े हैं या फिर किसी नई हत्या की वारदात को अंजाम दिया गया है।


गौरतलब है कि रविवार को भी कैमूर जिले में एक वयस्क और एक किशोर के शव के टुकड़े बरामद किए गए थे। उन शवों की अब तक पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस ने उन्हें पोस्टमार्टम और डीएनए जांच के लिए पीएमसीएच पटना भेजा है। लगातार दूसरी बार इस तरह मानव अंग मिलने की घटना ने न केवल आम लोगों को डरा दिया है, बल्कि पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।


स्थानीय लोगों का कहना है कि अपराधी कैमूर जिले को “डंपिंग ग्राउंड” बनाकर इस्तेमाल कर रहे हैं। जिस तरह बेखौफ होकर सुनसान इलाकों में शवों के टुकड़े फेंके जा रहे हैं, उससे लोगों में भय का माहौल है। ग्रामीणों ने पुलिस गश्त बढ़ाने और जल्द से जल्द अपराधियों की गिरफ्तारी की मांग की है।


फिलहाल पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। जिले और पड़ोसी इलाकों से लापता लोगों की सूची भी मंगाई गई है ताकि शवों की पहचान की जा सके। पुलिस का कहना है कि हर पहलू पर जांच की जा रही है और जल्द ही पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा। लेकिन लगातार सामने आ रही इन खौफनाक घटनाओं ने कैमूर जिले की कानून-व्यवस्था पर बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है।