1st Bihar Published by: First Bihar Updated May 09, 2026, 11:27:07 AM
- फ़ोटो
Bihar News: बिहार के कैमूर जिले से रिश्तों को शर्मसार कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक नवविवाहिता ने अपने पति को चकमा देने के लिए बिस्तर पर तकिया पर चादर ओढ़कर ऐसा दिखाया मानो वह सो रही हो और फिर प्रेमी के साथ घर से फरार हो गई। जाते समय वह घर में रखे गहने और नकदी भी साथ ले गई। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।
यह मामला भभुआ थाना क्षेत्र का है। पीड़ित पति ने पुलिस को दिए आवेदन में बताया कि उसकी शादी 21 अप्रैल को सोनहन थाना क्षेत्र में हुई थी। शादी के बाद वह 22 अप्रैल को अपनी पत्नी को घर ले आया था। शुरुआत से ही पत्नी अलग-अलग तरह की बीमारियों का बहाना बनाती रही। कभी पेट दर्द तो कभी पथरी की शिकायत बताकर इलाज कराने की बात कहती थी। पति का कहना है कि उसने पत्नी के कहने पर उसका इलाज भी कराया, लेकिन इसके बावजूद उसके व्यवहार में बदलाव नहीं आया।
पीड़ित के अनुसार 5 मई की रात पत्नी ने चालाकी से बिस्तर पर तकिया रखकर उसके ऊपर चादर ओढ़ा दी ताकि ऐसा लगे कि वह सो रही है। इसके बाद वह घर से अपने पूर्व प्रेमी के साथ फरार हो गई। आरोप है कि जाते समय वह घर से गहने और करीब 5 हजार रुपये नकद भी लेकर चली गई।
परिजनों ने काफी खोजबीन की, लेकिन महिला का कोई पता नहीं चल सका। इसके बाद पति ने भभुआ थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और महिला तथा उसके प्रेमी की तलाश की जा रही है।
इसी बीच कैमूर में एक और मामला सामने आया है, जिसमें एक महिला अपने दो छोटे बच्चों के साथ मायके से लापता हो गई है। महिला के पिता ने भभुआ थाना में शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि उनकी बेटी करीब 10 दिन पहले मायके आई थी। 6 मई को वह दोनों बच्चों के साथ बाजार जाने की बात कहकर घर से निकली थी, लेकिन फिर वापस नहीं लौटी।
लापता महिला के साथ उसकी तीन वर्षीय बेटी और एक वर्षीय बेटा भी हैं। परिजनों ने रिश्तेदारों और आसपास के इलाकों में काफी खोजबीन की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। मोबाइल फोन भी बंद आ रहा है। पुलिस दोनों मामलों की जांच में जुट गई है और हर एंगल से छानबीन की जा रही है।