Hindi News / bihar / jamui-news / जमुई में महिला को विषैले सांप ने डसा, इलाज के लिए सांप को...

जमुई में महिला को विषैले सांप ने डसा, इलाज के लिए सांप को डिब्बे में बंद कर पहुंची अस्पताल; डॉक्टर रह गए हैरान

Bihar News: सांप ने डसा और कुछ ही पलों में हालात बिगड़ने लगे… लेकिन इसके बाद जो हुआ, उसने अस्पताल में मौजूद हर किसी को हैरान कर दिया। मरीज के साथ ही परिजन एक जिंदा सांप को भी लेकर पहुंच गए—आखिर क्यों?

1st Bihar Published by: First Bihar Updated May 03, 2026, 4:27:43 PM

जमुई में महिला को विषैले सांप ने डसा, इलाज के लिए सांप को डिब्बे में बंद कर पहुंची अस्पताल; डॉक्टर रह गए हैरान

- फ़ोटो

Bihar News: बिहार के जमुई जिले से एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक महिला को विषैले सांप ने डंस लिया, लेकिन इसके बाद परिजनों ने जो किया, उसने हर किसी को चौंका दिया। इलाज के लिए महिला को अस्पताल ले जाते समय परिजन उस सांप को भी जिंदा पकड़कर अपने साथ ले गए, जिसने उसे काटा था।


यह घटना झाझा थाना क्षेत्र के हथिया पंचायत के शैर गांव की है। रविवार को गांव निवासी सीमा देवी अपने घर के बाहर रोजमर्रा की तरह बर्तन धो रही थीं। इसी दौरान अचानक एक विषैला सांप आया और उन्हें डंस लिया। पहले तो किसी को समझ नहीं आया कि क्या हुआ, लेकिन कुछ ही देर में महिला की हालत बिगड़ने लगी और वह दर्द से कराहने लगीं।


घटना के बाद घर में अफरा-तफरी मच गई। परिजन तुरंत हरकत में आए और महिला को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, झाझा ले जाने की तैयारी करने लगे। लेकिन इस बीच उन्होंने एक ऐसा कदम उठाया, जो आमतौर पर लोग सोच भी नहीं सकते।


परिजनों ने बहादुरी और सूझबूझ दिखाते हुए उस सांप को पकड़ लिया, जिसने महिला को काटा था। उसे एक प्लास्टिक के डिब्बे में बंद किया गया और महिला के साथ अस्पताल ले जाया गया। जब अस्पताल में लोगों ने महिला के बगल में डिब्बे में बंद जिंदा सांप देखा, तो वहां मौजूद मरीजों और परिजनों के बीच डर और हैरानी का माहौल बन गया।


देखते ही देखते अस्पताल परिसर में लोगों की भीड़ जमा हो गई। हर कोई उस सांप को देखने के लिए उत्सुक था। कुछ लोग डर के मारे दूर खड़े रहे, तो कुछ मोबाइल से वीडियो बनाने लगे। अस्पताल में कुछ समय के लिए अफरातफरी जैसा माहौल बन गया।


इधर, ड्यूटी पर मौजूद डॉक्टर शादाब अहमद ने तुरंत महिला का प्राथमिक इलाज शुरू किया। उन्होंने स्थिति की गंभीरता को देखते हुए बताया कि महिला के शरीर में जहर फैलने का खतरा है, इसलिए बेहतर इलाज के लिए उन्हें तुरंत सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया।


डॉक्टरों के अनुसार, सांप को साथ लाना कई बार पहचान में मदद करता है, जिससे सही एंटी-वेनम देने में आसानी होती है। हालांकि, इस तरह जिंदा सांप को पकड़ना बेहद जोखिम भरा भी हो सकता है।


इस घटना के बाद पूरे इलाके में परिजनों की हिम्मत और समझदारी की चर्चा हो रही है। एक तरफ जहां उन्होंने समय रहते महिला को अस्पताल पहुंचाया, वहीं दूसरी ओर सांप को पकड़कर ले जाने का फैसला भी चर्चा का विषय बन गया है।