1st Bihar Published by: First Bihar Updated Apr 20, 2026, 2:34:09 PM
जांच में जुटी पुलिस - फ़ोटो रिपोर्टर
JAMUI:इस वक्त की बड़ी खबर बिहार के जमुई जिले से आ रही है, जहां टाउन थाना क्षेत्र के खैरमा गांव में सोमवार की सुबह उस वक्त अफरातफरी मच गई, जब एक कुख्यात फरार अपराधी को पकड़ने पहुंची पुलिस टीम पर जानलेवा हमला कर दिया गया। इस हमले में दो सब-इंस्पेक्टर (एसआई) और एक सिपाही गंभीर रूप से घायल हो गए। हालांकि हालात पर काबू पाते हुए पुलिस ने मुख्य अभियुक्त ढीबू यादव को गिरफ्तार कर लिया।
घटना सोमवार की सुबह करीब 10 बजे की बताई जा रही है। पुलिस को सूचना मिली थी कि कई संगीन मामलों में वांछित ढीबू यादव खैरमा इलाके में मौजूद है। इसके बाद केस के जांच अधिकारी एसआई सुनील कुमार साह अपनी टीम के साथ उसे पकड़ने के लिए निकले। पुलिस ने खैरमा पुल स्थित चिमनी भट्ठा के पास से ढीबू यादव को गिरफ्तार भी कर लिया था, लेकिन तभी स्थिति अचानक हिंसक हो गई।
बताया जाता है कि गिरफ्तारी के दौरान ही ढीबू यादव के परिवार के सदस्य और उसके सहयोगी मौके पर पहुंच गए और पुलिस टीम को घेर लिया। इसके बाद लाठी-डंडों और ईंट-पत्थरों से पुलिस पर हमला कर दिया गया। इस हमले में एसआई सुनील कुमार साह, एसआई बिक्रम कुमार और सिपाही रणबीर कुमार घायल हो गए।
घटना के बावजूद पुलिस ने संयम बनाए रखा और किसी तरह स्थिति को नियंत्रित करते हुए अभियुक्त को अपने कब्जे में लिया। सभी घायलों को तुरंत सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टर मनीष कुमार उनकी चिकित्सा कर रहे हैं। वहीं, गिरफ्तार अभियुक्त को भी मेडिकल जांच के लिए अस्पताल लाया गया।
पुलिस के अनुसार, ढीबू यादव पर डकैती, लूट, मारपीट और हत्या जैसे गंभीर आरोपों में दर्जनों मामले जमुई टाउन थाना, और क्यूल जीआरपी थाना और झाझा ,जमुई जीआरपी थाना में दर्ज हैं। वह लंबे समय से फरार चल रहा था और उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे थे।
इस घटना के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। हमले में शामिल अन्य लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की तैयारी की जा रही है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि कानून हाथ में लेने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा और मामले की गहन जांच जारी है।
जमुई से धीरज कुमार सिंह की रिपोर्ट