Hindi News / bihar / jamui-news / मंडप सजा, दूल्हा बैठा… तभी पहुंच गए घरवाले! गमछा छोड़ भागा प्रेमी, अधूरी...

मंडप सजा, दूल्हा बैठा… तभी पहुंच गए घरवाले! गमछा छोड़ भागा प्रेमी, अधूरी रह गई लव स्टोरी

Bihar News: जमुई के पत्नेश्वर नाथ शिव मंदिर में एक प्रेम कहानी शादी तक पहुंचकर अचानक बिखर गई। जैसे ही मंडप में शादी की रस्में शुरू होने वाली थीं, तभी अचानक युवती के परिजन वहां पहुंच गए और पूरा माहौल खुशी से अफरातफरी

1st Bihar Published by: First Bihar Updated Apr 15, 2026, 2:05:27 PM

मंडप सजा, दूल्हा बैठा… तभी पहुंच गए घरवाले! गमछा छोड़ भागा प्रेमी, अधूरी रह गई लव स्टोरी

- फ़ोटो

Bihar News: जमुई जिले के मलयपुर थाना क्षेत्र में स्थित पत्नेश्वर नाथ शिव मंदिर मंगलवार को उस वक्त चर्चा का केंद्र बन गया, जब यहां एक प्रेम कहानी शादी के मंडप तक पहुंचकर अचानक बिखर गई। कुछ ही मिनटों में खुशियों का माहौल हंगामे में बदल गया और प्रेमी जोड़े का सपना अधूरा रह गया।


बताया जाता है कि पटना के एक ही गांव के रहने वाले युवक और युवती के बीच करीब तीन वर्षों से प्रेम संबंध था। दोनों की मुलाकात एक कोचिंग संस्थान में हुई थी, जहां से दोस्ती धीरे-धीरे प्यार में बदल गई। मोबाइल पर लंबी बातचीत और मुलाकातों के बीच दोनों ने साथ जिंदगी बिताने का फैसला कर लिया। लेकिन मामला अंतर्जातीय होने के कारण युवती के परिजन इस रिश्ते के खिलाफ थे और उसकी शादी कहीं और तय करने की तैयारी में जुटे थे।


परिजनों के विरोध से परेशान प्रेमी जोड़ा तीन दिन पहले घर से फरार हो गया। पहले वे खुसरूपुर में एक दोस्त के यहां रुके, फिर वहां से बनारस का रुख किया। आखिरकार, दोनों जमुई पहुंचे और पत्नेश्वर नाथ मंदिर में शादी करने का फैसला लिया। उन्हें उम्मीद थी कि भगवान के साक्षी में उनका रिश्ता पूरा हो जाएगा।


मंगलवार को मंदिर में शादी की तैयारियां शुरू हो गईं। प्रेमिका सूट और चुनरी में सजी-धजी मंडप में बैठी थी, वहीं प्रेमी गमछा डाले उसके पास बैठा नजर आया। दोनों के चेहरे पर खुशी और घबराहट साफ झलक रही थी। मंदिर के पुजारी नीरज पांडेय से उन्होंने जल्दी शादी कराने की गुजारिश भी की। पुजारी ने उन्हें जरूरी कागजात और आधार कार्ड जमा करने को कहा, लेकिन प्रेमी जोड़ा कुछ देर तक इसमें टालमटोल करता रहा।


काफी देर बाद जब दोनों ने दस्तावेज दिए और रसीद की प्रक्रिया पूरी होने लगी, तभी अचानक कहानी में बड़ा मोड़ आ गया। जैसे ही पुजारी शादी के मंत्र शुरू करने वाले थे, उसी समय युवती के परिजन मंदिर में पहुंच गए। उन्हें देखते ही माहौल पूरी तरह बदल गया।


परिजनों को सामने देख प्रेमी युवक बुरी तरह घबरा गया और अपना गमछा वहीं छोड़कर मौके से फरार हो गया। उधर, परिजनों ने युवती को पकड़ लिया और जबरन अपने साथ ले गए। मंदिर परिसर में देखते ही देखते लोगों की भीड़ जुट गई और अफरातफरी का माहौल बन गया।


इस पूरे घटनाक्रम को देखने के लिए आसपास के लोग बड़ी संख्या में जुट गए। कुछ लोग हैरानी से इस अधूरी शादी को देख रहे थे, तो कुछ इस पर तरह-तरह की चर्चाएं करते नजर आए।


मामले को लेकर मलयपुर थाना अध्यक्ष शेखर सौरभ ने बताया कि फिलहाल इस संबंध में कोई आधिकारिक शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। यदि शिकायत मिलती है, तो आगे की कार्रवाई की जाएगी।