Hindi News / bihar / jamui-news / Bihar News: शराब के पैसों के लिए दामाद बना हैवान… रुपये नहीं मिले...

Bihar News: शराब के पैसों के लिए दामाद बना हैवान… रुपये नहीं मिले तो ससुर को उतारा मौत के घाट

Bihar Crime News: बिहार के जमुई जिले के झाझा थाना क्षेत्र में एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। पारिवारिक विवाद इतना बढ़ गया कि दामाद ने अपने ही ससुर पर जानलेवा हमला कर दिया। घटना के पीछे की वजह क्या है, यह अब जांच के साथ धीरे-धीरे साफ...

1st Bihar Published by: First Bihar Updated Apr 09, 2026, 3:49:27 PM

Bihar News: शराब के पैसों के लिए दामाद बना हैवान… रुपये नहीं मिले तो ससुर को उतारा मौत के घाट

- फ़ोटो

Bihar Crime News: बिहार के जमुई जिले के झाझा थाना क्षेत्र से रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली एक घटना सामने आई है, जहां शराब के लिए पैसे नहीं मिलने पर एक कलयुगी दामाद ने अपने ही ससुर की तेज धारदार हथियार से हत्या कर दी। जिस घर में दामाद को बेटे का दर्जा दिया जाता है, वहीं उसी दामाद ने अपने ससुर का खून बहाकर रिश्तों की मर्यादा तार-तार कर दी।


घटना झाझा थाना क्षेत्र के जरीजोर गांव की है। बताया जाता है कि बुधवार रात करीब 11 बजे मन्नू नैया अपनी पत्नी के मायके पहुंचा। वहां पहुंचते ही उसने शराब पीने के लिए रुपये मांगने शुरू कर दिए। परिवार पहले से आर्थिक तंगी से जूझ रहा था और घर में रखी रकम बेटी की शादी के लिए सुरक्षित रखी गई थी। ऐसे में उसकी पत्नी ने पैसे देने से साफ इंकार कर दिया।


परिजनों के अनुसार, पत्नी द्वारा रुपये देने से मना करते ही आरोपी का गुस्सा भड़क उठा। उसने अपनी पत्नी के साथ मारपीट शुरू कर दी। घर के भीतर अचानक मचे शोर और चीख-पुकार सुनकर 70 वर्षीय वकील पुजार बीच-बचाव के लिए आगे आए, लेकिन उन्हें क्या पता था कि यही कोशिश उनकी जिंदगी की आखिरी घड़ी बन जाएगी।


मृतक की पत्नी ममता देवी ने बताया कि जब वकील पुजार ने दामाद को रोकने की कोशिश की, तभी गुस्से में बेकाबू आरोपी ने घर में रखा तेज धारदार छुरा उठा लिया और अपने ससुर के सिर पर वार कर दिया। जिसके बाद वकील पुजार वहीं लहूलुहान होकर गिर पड़ा और मौके पर ही उसकी मौत हो गई।


जिस आंगन में बेटी की शादी की तैयारियों की चिंता थी, उसी आंगन में कुछ ही पलों में खून बिखर गया। परिवार की खुशियां पलभर में मातम में बदल गईं। मृतक की बेटी रीना देवी ने बताया कि उसकी बेटी कल्पना की शादी के लिए 10 हजार रुपये घर में रखे गए थे। आरोपी उन्हीं पैसों की मांग कर रहा था। पैसे नहीं मिलने पर उसने पहले पत्नी को पीटा और फिर उसके पिता की हत्या कर दी।


घटना की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन हरकत में आ गया। झाझा थाना अध्यक्ष लाल बहादुर सिंह और पुलिस अधिकारी राजेश कुमार दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे। एफएसएल टीम को भी बुलाया गया, जिसने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी है।


पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है। प्रारंभिक जांच में मामला घरेलू विवाद और शराब की लत से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। पुलिस परिजनों के बयान के आधार पर आगे की कार्रवाई कर रही है।


(जमुई से धीरज कुमार सिंह की रिपोर्ट)