1st Bihar Published by: FIRST BIHAR Updated May 08, 2026, 2:28:00 PM
प्रतिकात्मक तस्वीर - फ़ोटो Google
Bihar News: गोपालगंज के कमला राय कॉलेज की छात्राओं ने उर्दू विभाग के असिस्टेंट प्रोफेसर पर गंभीर आरोप लगाए हैं। इसको लेकर कॉलेज परिसर में जमकर हंगामा हुआ और JSCP छात्र संगठन धरना पर बैठ गया। छात्राओं का आरोप है कि प्रोफेसर उन्हें अलग कमरे में बुलाकर आपत्तिजनक बातें करते थे और परीक्षा में पास कराने का लालच देते थे। वहीं विरोध करने पर फेल करने और करियर बर्बाद करने की धमकी भी दी जाती थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए जयप्रकाश यूनिवर्सिटी छपरा की डेलिगेशन कॉलेज पहुंची और जांच का आश्वासन दिया है।
दरअसल, गोपालगंज के चर्चित कमला राय कॉलेज में पिछले कई दिनों से JSCP छात्र संगठन अपनी 14 सूत्री मांगों को लेकर धरना प्रदर्शन कर रहा है। इसी बीच कॉलेज में छात्राओं और छात्र नेताओं ने उर्दू विभाग के एक असिस्टेंट प्रोफेसर पर गंभीर आरोप लगा दिए। छात्राओं का कहना है कि प्रोफेसर उन्हें अकेले में बुलाते थे और अनुचित व्यवहार करते थे। छात्राओं ने आरोप लगाया कि उनसे कहा जाता था कि “मेरे पास बैठो…अकेले में मिलो…तुम्हें परीक्षा में पास करा दूंगा…”।
छात्राओं का आरोप है कि जब उन्होंने इसका विरोध किया तो उन्हें फेल करने और भविष्य खराब करने की धमकी दी गई। आरोप सामने आने के बाद कॉलेज परिसर में आक्रोश फैल गया और छात्र संगठन ने प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। मामले की जानकारी मिलने के बाद जयप्रकाश यूनिवर्सिटी छपरा से एक डेलिगेशन कॉलेज पहुंची। टीम ने छात्राओं, छात्र नेताओं और कॉलेज प्रशासन से बातचीत कर पूरे मामले की जानकारी ली। यूनिवर्सिटी डेलिगेशन टीम ने आरोपों को गंभीर बताते हुए निष्पक्ष जांच का भरोसा दिलाया है।
टीम का कहना है कि छात्राओं द्वारा लगाए गए आरोप बेहद संवेदनशील हैं और जांच के बाद जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल इस मामले को लेकर कॉलेज परिसर का माहौल गर्म है और छात्र संगठन आरोपी प्रोफेसर पर तत्काल कार्रवाई की मांग कर रहा है। अब सभी की नजर यूनिवर्सिटी प्रशासन के अगले कदम पर टिकी हुई है। कमला राय कॉलेज में उठे इस विवाद ने शिक्षा व्यवस्था और कॉलेज प्रशासन पर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। छात्राएं खुलकर सामने आ रही हैं और निष्पक्ष जांच की मांग कर रही हैं। अब देखना होगा कि यूनिवर्सिटी प्रशासन इस मामले में कब तक और क्या कार्रवाई करता है।
रिपोर्ट- नमो नारायण मिश्रा, गोपालगंज