Hindi News / bihar / gopalganj-news / गोपालगंज में ‘केमिकल से नोट डबल’ करने वाले ठग गिरोह का भंडाफोड़, 95...

गोपालगंज में ‘केमिकल से नोट डबल’ करने वाले ठग गिरोह का भंडाफोड़, 95 लाख कैश के साथ 8 गिरफ्तार

गोपालगंज पुलिस ने ‘नोट डबल’ करने के नाम पर ठगी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का खुलासा किया है। बैकुंठपुर में छापेमारी के दौरान 95 लाख रुपये नकद, केमिकल और नोट गिनने की मशीन बरामद हुई, जबकि 8 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।

1st Bihar Published by: First Bihar Updated May 15, 2026, 10:25:40 PM

बिहार न्यूज

पुलिस की बड़ी कार्रवाई - फ़ोटो सोशल मीडिया

GOPALGANJ: गोपालगंज में पुलिस ने एक बड़े ठगी गिरोह का पर्दाफाश किया है। मामला बैकुंठपुर थाना क्षेत्र के सिंहासिनी गांव का है, जहां देर रात पुलिस और एसआईटी की संयुक्त कार्रवाई में 8 लोगों को गिरफ्तार किया गया। छापेमारी के दौरान मौके से करीब 95 लाख रुपये नकद, नोटों के आकार के सफेद कागज के बंडल, केमिकल, पैकिंग सामग्री और नोट गिनने की मशीन बरामद की गई।


 पुलिस के मुताबिक, यह गिरोह लोगों को “रुपये दोगुना और तिगुना” करने का लालच देकर ठगी करता था। आरोपी हाथ की सफाई और केमिकल की मदद से सादे कागज को नोट में बदलने जैसा भ्रम पैदा करते थे और इसी झांसे में लोगों से मोटी रकम ऐंठते थे। गुप्त सूचना मिलने के बाद एसडीपीओ सिधवलिया के नेतृत्व में विशेष एसआईटी टीम बनाई गई। टीम ने देर रात प्रदीप पूरी के घर छापेमारी की, जहां भारी मात्रा में नकदी और संदिग्ध सामान बरामद हुआ। 


पुलिस को शक है कि बरामद रकम में कुछ जाली नोट भी हो सकते हैं, इसलिए नोटों की तकनीकी जांच कराई जा रही है। पूछताछ में खुलासा हुआ है कि गिरोह के तार पश्चिम बंगाल के वर्धमान इलाके से जुड़े हैं। फरहज नाम के व्यक्ति को इस नेटवर्क का मुख्य संचालक बताया जा रहा है, जो बैकुंठपुर में दिलसेर नामक व्यक्ति के यहां ठहरा हुआ था। 


पुलिस का कहना है कि दिलसेर और उसके परिवार के कुछ लोग भी इस गिरोह की गतिविधियों में सहयोग कर रहे थे। फिलहाल गिरफ्तार सभी आरोपियों से गहन पूछताछ जारी है। पुलिस पूरे नेटवर्क, बरामद रकम के स्रोत और अन्य राज्यों से जुड़े संभावित कनेक्शन की जांच में जुटी हुई है।

गोपालगंज से नमो नारायण मिश्रा की रिपोर्ट