Hindi News / bihar / gopalganj-news / गोपालगंज में दिनदहाड़े ज्वेलरी शॉप में लूट की कोशिश, फायरिंग में एक की...

गोपालगंज में दिनदहाड़े ज्वेलरी शॉप में लूट की कोशिश, फायरिंग में एक की मौत, ग्रामीणों ने बदमाशों को दबोचा

गोपालगंज में ज्वेलरी दुकान में लूट की नाकाम कोशिश के दौरान अपराधियों ने अंधाधुंध फायरिंग की, जिसमें एक व्यक्ति की मौत हो गई और एक घायल हो गया। ग्रामीणों ने साहस दिखाते हुए कई बदमाशों को पकड़ लिया, जबकि पुलिस अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी है।

1st Bihar Published by: First Bihar Updated Apr 24, 2026, 7:15:49 PM

गोपालगंज में दिनदहाड़े ज्वेलरी शॉप में लूट की कोशिश, फायरिंग में एक की मौत, ग्रामीणों ने बदमाशों को दबोचा

- फ़ोटो

GOPALGANJ: गोपालगंज में दिनदहाड़े ज्वेलरी दुकान में लूट की कोशिश के दौरान अपराधियों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी, जिसमें एक व्यक्ति की मौत हो गई। हालांकि ग्रामीणों की बहादुरी से कई बदमाश पकड़े गए और बड़ी वारदात टल गई।


 गोपालगंज में दिनदहाड़े बेखौफ अपराधियों ने तांडव मचा दिया। बाइक सवार करीब पांच अपराधी भोरे थाना क्षेत्र के जगतौली ओपी अंतर्गत लाला छापर बाजार स्थित दीपक ज्वेलर्स की दुकान में घुसकर लूट की बड़ी वारदात को अंजाम देने पहुंचे। अपराधियों ने दुकान में घुसते ही दहशत फैलाने के लिए कई राउंड फायरिंग शुरू कर दी। लूट का विरोध होते ही अपराधियों ने अंधाधुंध गोलियां चलानी शुरू कर दीं, जिसकी चपेट में दो ग्रामीण आ गए। 


गोली लगने से एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे बेहतर इलाज के लिए गोरखपुर रेफर किया गया है। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी और आक्रोश का माहौल बन गया। गुस्साए ग्रामीणों ने साहस दिखाते हुए दो लुटेरों को मौके पर ही पकड़ लिया और जमकर उनकी पिटाई कर दी। 


वहीं बाकी अपराधी मौके से फरार हो गए, लेकिन भागने के दौरान एक बाइक छोड़ गए। आक्रोशित ग्रामीणों ने उस बाइक को आग के हवाले कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पुलिस पहुंची और ग्रामीणों के चंगुल से पकड़े गए अपराधियों को छुड़ाकर अपने कब्जे में लिया। घायल अपराधियों का अस्पताल में इलाज चल रहा है। 


वहीं हथुआ एसडीपीओ आनंद मोहन गुप्ता सहित कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंचकर मामले की गहन जांच में जुट गई है। सदर एसडीपीओ प्रांजल ने बताया कि अपराधी लूटपाट की नीयत से दुकान में घुसे थे। स्थानीय लोगों के साहस और सहयोग से दो अपराधियों को मौके पर पकड़ लिया गया, जबकि बाद में तीन अन्य अपराधियों को भी दबोच लिया गया है। पुलिस गिरफ्तार अपराधियों से लगातार पूछताछ कर रही है और फरार बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस का कहना है कि इस वारदात में शामिल बाकी अपराधियों को भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।